शाहजहांपुर: जिले के तिलहर नगर पालिका परिषद और ग्रीन फ्यूचर कलेक्टिव के संयुक्त तत्वावधान में होली पर्व के अवसर पर स्वच्छता, होली सुरक्षा और कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जनजागरूकता रैली आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को जिम्मेदार, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल होली मनाने के लिए प्रेरित करना था।
नगर के मां शारदे इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रैली में भाग लेकर कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित की। अधिशासी अधिकारी सत्येंद्र प्रकाश ने उपस्थित नागरिकों और बच्चों को गीला और सूखे कचरे के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गीले कचरे से जैविक खाद तैयार कर घरों में पौधों के लिए उपयोग किया जा सकता है, जबकि सूखे कचरे जैसे प्लास्टिक और कागज को रिसाइक्लिंग के माध्यम से पुनः उपयोग में लाया जा सकता है।
होली सुरक्षा के संबंध में नागरिकों को निर्देश दिया गया कि केवल प्राकृतिक और हर्बल रंगों का प्रयोग करें। रासायनिक रंग त्वचा और आंखों के लिए हानिकारक होते हैं। होली खेलते समय आंखों और बालों की सुरक्षा का ध्यान रखें और छोटे बच्चों का विशेष ख्याल रखें। पानी की अनावश्यक बर्बादी से बचें और सूखी होली को प्राथमिकता दें। होलिका दहन के दौरान प्लास्टिक, रबर या हानिकारक सामग्री को न जलाएं, केवल प्राकृतिक सामग्री का उपयोग करें। किसी पर जबरदस्ती रंग न डालें और आपसी सौहार्द और सम्मान बनाए रखें।
रैली के माध्यम से नागरिकों को यह भी संदेश दिया गया कि गीला और सूखा कचरा अलग-अलग कर नगर पालिका के वाहन को दें। सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं और स्वच्छ, हरित तिलहर के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाएं। नगर पालिका परिषद तिलहर ने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से अपील की कि वे “देवों का होली रंग, प्राकृतिक के संग” संदेश को अपनाते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने में योगदान दें।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष हाजरा बेगम, अधिशासी अधिकारी सत्येंद्र प्रकाश, राजस्व निरीक्षक सुशांत कुमार, सफाई निरीक्षक राजीव कुमार, अवर अभियंता जल नितिन गुप्ता, अवर अभियंता/लिपिक पीयूष मिश्रा, प्रधान लिपिक अयूब हुसैन, सफाई लिपिक इस्लाम अली, लिपिक कमलदीप और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
ग्रीन फ्यूचर कलेक्टिव की हेड साक्षी सिरारी, कार्यक्रम अधिकारी काजल यादव, प्रगति त्रिपाठी, तिलहर आईईसी टीम के सुरजन यादव, मीरा श्रीवास्तव, अमरपाल राठौर, नितिन यादव और कटरा आईईसी टीम के सुपरवाइजर आकाश द्विवेदी, नेहा सक्सेना, नितिन गुप्ता एवं मयंक शर्मा समेत अन्य सदस्य भी मौजूद थे।
इस पहल ने तिलहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित होली के संदेश को मजबूत किया। नागरिकों और विद्यार्थियों की भागीदारी ने जागरूकता को बढ़ाया, साथ ही शहरवासियों को कचरा पृथक्करण, प्राकृतिक रंगों का प्रयोग और जल संरक्षण जैसे विषयों में सक्रिय बनाने में मदद की। रैली ने स्थानीय समुदाय में जिम्मेदार और सतत होली समारोह की संस्कृति को बढ़ावा दिया।
कार्यक्रम का समापन नागरिकों के उत्साह और सामाजिक सहभागिता के संदेश के साथ हुआ। यह पहल तिलहर नगर को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम साबित हुई।
अन्य प्रमुख खबरें
डिबाई में अक्रूर जी महाराज की 15वीं भव्य शोभायात्रा, श्रद्धा और उत्साह का दिखा संगम
श्रीगंगानगर में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को सिखाए जीवनरक्षक उपाय
श्याम भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु, वररुथिनी एकादशी पर लगेगा मेला
इतिहास सतत और नवाचार का विषय: डॉ. बालमुकुंद पांडे
निजी स्कूलों की मनमानी पर उठे सवाल, जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस पर रेडक्रॉस ने किया संगोष्ठी का आयोजन
बरसावां में श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन शुकदेव जन्म प्रसंग का हुआ भावपूर्ण वर्णन
पीलीभीत: विक्रमपुर गौशाला में अव्यवस्थाओं के आरोप निकले झूठे, जांच के बाद BDO ने पेश की सच्चाई
शहादत को सलाम: सुल्तानपुर के वीर सपूत अखिलेश शुक्ला पंचतत्व में विलीन, अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब
डॉक्टरों की कमी से शाहपुरा बेहाल, इलाज के नाम पर सन्नाटा