जन सेवा समिति की मासिक बैठक सम्पन्न, जन समस्याओं के समाधान पर जोर

खबर सार :-

बैठक के दौरान सदस्यों ने शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। पहाड़ी गेट बिजलीघर और जेल रोड क्षेत्र में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की शिकायत रखते हुए नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की गई।
जन सेवा समिति की मासिक बैठक सम्पन्न, जन समस्याओं के समाधान पर जोर

खबर विस्तार : -

रामपुर: शहर के सिटी पोस्ट ऑफिस रोड स्थित जन सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष वसीम उल हसन खान के आवास पर जन सेवा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्यों ने भाग लिया। बैठक के दौरान आम जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्णय लिया गया।

संबंधित विभागों से किया जा रहा संपर्क

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष वसीम उल हसन खान ने कहा कि जन सेवा समिति पिछले कई वर्षों से गरीब, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि ऐसे कई परिवार हैं जिनके राशन कार्ड अब तक नहीं बन पाए हैं या पात्र होने के बावजूद उन्हें राशन नहीं मिल रहा है। समिति ऐसे मामलों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनका समाधान कराने का प्रयास करती है।

उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग से संबंधित समस्याएं भी बड़ी संख्या में समिति के पास पहुंच रही हैं। खराब बिजली बिल, खराब मीटर, गलत रीडिंग तथा बकाया बिल के कारण उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी शिकायतों के समाधान के लिए समिति के पदाधिकारी लगातार विद्युत अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। इसके अलावा जिला अस्पताल सहित अन्य सरकारी अस्पतालों में गरीब मरीजों को मिलने वाले मुफ्त इलाज, ऑपरेशन, ब्लड और दवाइयों से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने के लिए समिति समय-समय पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) से मिलकर आवश्यक कार्रवाई कराती रही है।

बरसात के समय बढ़ जाती है समस्या

नगर अध्यक्ष हारिस शम्सी ने कहा कि जन सेवा समिति का एकमात्र उद्देश्य समाज के गरीब और असहाय लोगों की सेवा करना है। उन्होंने बताया कि समिति पिछले तीन वर्षों से लगातार जनहित के कार्य कर रही है और लोगों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास कर रही है। उन्होंने समाज के जागरूक लोगों से समिति से जुड़कर सेवा कार्यों में सहभागी बनने की अपील भी की।

समिति के सदस्य मुजम्मिल खान ने पान दरीबा क्षेत्र की जर्जर सड़क का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आज तक सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव के कारण दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने किला गेट से जामा मस्जिद तक बनी सड़क की खराब गुणवत्ता पर भी चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि सड़क की बजरी कई स्थानों से उखड़ चुकी है। उन्होंने इस मार्ग का हॉट मिक्स प्लांट तकनीक से पुनर्निर्माण कराने की मांग की।

वहीं शिबू खान ने मोहल्ला घेर सखी, जौहर कॉलोनी, टावर एक्सचेंज और गांधी समाधि रोड क्षेत्र में जल निकासी की गंभीर समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि इन इलाकों में नालियों का अभाव है और दस वर्ष से अधिक पुरानी टाइल्स धंस चुकी हैं, जिससे हल्की बारिश में भी घरों में पानी भर जाता है। उन्होंने इन क्षेत्रों में सड़क, नाला और नालियों के निर्माण की मांग प्रशासन से की।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष वसीम उल हसन खान, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश रस्तोगी, नगर अध्यक्ष हारिस शम्सी, युवा अध्यक्ष सरदार मनी सिंह, नगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष वसी खान, शिराज शम्सी, नजमी खान, मुजम्मिल खान, अयान, विपिन कुमार, सुन्नी अग्रवाल, ऋषभ शर्मा, हारून खान सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ेंः-झांसी मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा का बड़ा फैसला, हर वार्ड में बनेंगे आपातकालीन निकास द्वार
 

अन्य प्रमुख खबरें