बिलासपुर पुलिस ने लाखों की चोरी का किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

खबर सार :-

रामपुर पुलिस ने देर शाम चार आरोपियों को गिरफ़्तार कर एक हफ़्ते पहले हुए लाखों रुपये की चोरी के मामले को सुलझा लिया। उन्होंने आरोपियों के पास से 48 हजार रुपये नकद और 14 चांदी के सिक्के बरामद किए।
बिलासपुर पुलिस ने लाखों की चोरी का किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

खबर विस्तार : -

रामपुर: कोतवाली बिलासपुर पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 48 हजार रुपये की नकदी और चांदी के 14 सिक्के बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

चोरी की रकम बरामद

मामले की विवेचना कर रहे हल्का प्रभारी केशु शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान चार संदिग्धों के नाम सामने आए थे, जिनकी लगातार तलाश की जा रही थी। बुधवार देर शाम मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हाईवे से कुआंखेड़ा जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम और चांदी के सिक्के बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नगर के मोहल्ला सिंह कॉलोनी निवासी उमेश उर्फ चवणी, गौरव, मॉडर्न कॉलोनी निवासी रिंकू तथा हंस विहार कॉलोनी निवासी जतिन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी जतिन के विरुद्ध मिलक थाने में पहले से लगभग आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

राज्यमंत्री ने दिए थे निर्देश

गौरतलब है कि 24 जून की रात कोतवाली बिलासपुर से कुछ दूरी पर स्थित आव्या आयरन एंड सीमेंट स्टोर में चोरों ने धावा बोलकर करीब दो लाख रुपये की नकदी और चांदी के लगभग तीन दर्जन सिक्के चोरी कर लिए थे। घटना के बाद दुकान स्वामी एवं समाजसेवी मयंक अग्रवाल मनी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र कर जांच में सहयोग किया था।

चोरी की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने भी पुलिस अधिकारियों को शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस फरार अन्य आरोपियों और शेष चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए भी प्रयास कर रही है।

यह भी पढ़ेंः-यूपी में लगातार सातवें वर्ष भी नहीं बढ़ी बिजली दरें, देश का इकलौता राज्य बना उत्तर प्रदेश, 3.80 करोड़ उपभोक्ताओं की हुई बड़ी जीत

अन्य प्रमुख खबरें