UPTET परीक्षा को लेकर एडिशनल एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, दिए निर्देश

खबर सार :-

रामपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने आगामी उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) के मद्देनजर जिले में परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए।
UPTET परीक्षा को लेकर एडिशनल एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, दिए निर्देश

खबर विस्तार : -

रामपुरः उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

संबंधित अधिकारियों से ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, राजकीय मुर्तजा इंटर कॉलेज, राजकीय रज़ा इंटर कॉलेज, राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज काशीपुर तथा राजकीय बालिका जुल्फिकार इंटर कॉलेज का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर की गई तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

अपर पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास मार्ग, स्ट्रांग रूम, कंट्रोल रूम, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए।

तत्काल कार्रवाई के निर्देश

उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

यह भी पढ़ेंः-जन सेवा समिति की मासिक बैठक सम्पन्न, जन समस्याओं के समाधान पर जोर
 

अन्य प्रमुख खबरें