Pilibhi: संपत्ति विवाद ने लिया हिंसक रूप, दबंगों ने युवक को पीटा, CCTV वीडियो वायरल

खबर सार :-
एक घर पर कब्ज़ा करने की कोशिश अचानक हिंसक हो गई, यह पूरी घटना पास में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई।  तहरीर मिलने पर पहुंची पुलिस मामला दर्ज कर आगे कार्रवाई में जुट गई है। मामला पहले से ही अदालत में विचाराधीन है।

Pilibhi: संपत्ति विवाद ने लिया हिंसक रूप, दबंगों ने युवक को पीटा, CCTV वीडियो वायरल
खबर विस्तार : -

पीलीभीतः पूरनपुर के नगर के बंडा बस स्टैंड इलाके में रविवार शाम एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया जिसने पूरे क्षेत्र में खलबली मचा दी। एक मकान पर कब्जे की कोशिश ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और देखते ही देखते मामला मारपीट और दबंगई की हद तक पहुंच गया। इस पूरी घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होकर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

अचानक घर में घुसकर बोला हमला

गणेशगंज क्षेत्र के निवासी कुलबीर सिंह ने इस पूरे मामले में पुलिस को तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी सगी बहन और नगर के एक भाजपा नेता ने अपने 8 से 10 साथियों के साथ मिलकर उनके मकान पर जबरन कब्जा करने की नीयत से हमला किया। कुलबीर के अनुसार, रविवार की शाम अचानक सभी आरोपी उनके घर में घुस आए और बिना किसी चेतावनी के उन पर जानलेवा हमला कर दिया।

पीड़ित ने बताया कि हमलावरों ने न सिर्फ उनके साथ मारपीट की बल्कि उन्हें पैरों से पकड़कर घर से बाहर घसीटते हुए सड़क तक ले गए। इस दौरान उन्हें बेरहमी से पीटा गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन आरोपियों की संख्या और आक्रामकता के कारण कोई भी व्यक्ति बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई पूरी घटना

घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह कुछ लोग एक युवक को जबरन घसीटते हुए बाहर लाते हैं और उसके साथ मारपीट करते हैं। यह वीडियो अब इस मामले में अहम सबूत के तौर पर सामने आया है और पुलिस की जांच का मुख्य आधार बन सकता है।
कुलबीर सिंह ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि जिस मकान को लेकर विवाद हुआ है, वह मामला पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद उनकी बहन और भाजपा नेता द्वारा कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है, जो न केवल कानून की अवहेलना है बल्कि न्यायिक प्रक्रिया को भी खुली चुनौती देने जैसा है।

जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि संपत्ति पर कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है, जो प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की गहन जांच कराई जा रही है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लोगों में नाराजगी

घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोगों में भी इस तरह की दिनदहाड़े हुई दबंगई को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब मामला न्यायालय में लंबित है, तो फिर इस तरह कानून को हाथ में लेकर कब्जा करने की कोशिश क्यों की जा रही है। इस घटना ने न सिर्फ पारिवारिक रिश्तों में आई कड़वाहट को उजागर किया है, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

अन्य प्रमुख खबरें