झांसी रेल मंडल में 19वें प्रधानमंत्री रोजगार मेले का आयोजन, 220 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

खबर सार :-
झांसी में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा, उत्तर मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक शशि प्रकाश द्विवेदी और मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार भी मौजूद रहे।

झांसी रेल मंडल में 19वें प्रधानमंत्री रोजगार मेले का आयोजन, 220 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र
खबर विस्तार : -

झांसी रेल मंडल द्वारा पंडित दीनदयाल सभागार में 19वें प्रधानमंत्री रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर रेल मंत्रालय सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 51 हजार से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने सभी युवाओं को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण भाव के साथ देश सेवा करने की अपील की।

इससे पहले केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि रोजगार मेले की शुरुआत वर्ष 2023 में की गई थी। अब तक 18 रोजगार मेलों का सफल आयोजन हो चुका है, जिसके माध्यम से 12 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में कुल 220 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें सर्वाधिक 196 अभ्यर्थी रेलवे विभाग से संबंधित थे। रेलवे में चयनित युवाओं में झांसी मंडल के 155 और प्रयागराज मंडल के 41 अभ्यर्थी शामिल रहे। इसके अतिरिक्त भारतीय डाक विभाग, ईएसआईसी, आईटीबीपी और बैंकिंग सेवाओं सहित अन्य विभागों के 24 अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

नवनियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए रोजगार सृजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला युवाओं को आत्मनिर्भर भारत अभियान से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

सांसद अनुराग शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि रोजगार मेला युवाओं को अवसर देने और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा का अवसर समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि सरकारी नौकरी प्राप्त करना किसी भी व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। उन्होंने कहा कि कई अभ्यर्थी अपने परिवार या गांव में सरकारी सेवा पाने वाले पहले व्यक्ति हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक नंदीश शुक्ला, प्रेम प्रकाश शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और अभिभावक उपस्थित रहे।
 

अन्य प्रमुख खबरें