झांसीः नगर निगम की आय बढ़ाने और कर वसूली व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से नगर आयुक्त ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए रेवेन्यू रिफॉर्म सेल का गठन किया है। इस नई व्यवस्था का मकसद नगर निगम में लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्थाओं को दूर करना, राजस्व संग्रह को पारदर्शी बनाना और आय के नए स्रोत विकसित करना है। अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से आने वाले समय में नगर निगम की आर्थिक स्थिति में सुधार देखने को मिल सकता है।
रेवेन्यू रिफॉर्म सेल की कमान सीधे नगर आयुक्त अकांक्षा राणा के पास रहेगी। सेल में अपर नगर आयुक्त प्रथम राहुल कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त द्वितीय रोली गुप्ता, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अवधेश कुमार, वरिष्ठ लेखा परीक्षक विजय कृष्ण मौर्य और आईटी एक्सपर्ट राकेश कुमार साहू को सदस्य बनाया गया है। नगर निगम प्रशासन ने अलग-अलग क्षेत्रों में सुधार और निगरानी के लिए इन अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
नगर निगम द्वारा पूर्व में कराए गए जीआईएस सर्वे में कई प्रकार की त्रुटियां सामने आई थीं। जांच के दौरान डुप्लीकेट आईडी, गलत डाटा और कई महत्वपूर्ण जानकारियों की कमी का मामला भी संज्ञान में आया। यही कारण है कि नगर निगम ने राजस्व व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत करने और डेटा को व्यवस्थित करने के लिए यह विशेष सेल गठित किया है।
अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार यादव को गृह कर भवनों का भौतिक सत्यापन कराने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके तहत वे जीआईएस डाटा, डुप्लीकेट रिकॉर्ड और मिसिंग इनफॉरमेशन की समीक्षा करेंगे। साथ ही शहर में पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित कर उससे होने वाली आय बढ़ाने पर भी कार्य करेंगे। माना जा रहा है कि पार्किंग व्यवस्था में सुधार से नगर निगम को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हो सकता है।
वहीं अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता को प्रचार और विज्ञापन के माध्यम से होने वाली आय बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर निगम प्रशासन का मानना है कि विज्ञापन और प्रचार से जुड़े संसाधनों का बेहतर उपयोग कर राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अवधेश कुमार को ऐसे गृह स्वामियों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है जिन्होंने पिछले तीन वर्षों या उससे अधिक समय से गृह कर जमा नहीं किया है। इसके बाद ऐसे बकायेदारों के खिलाफ वसूली अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम का उद्देश्य कर चोरी पर रोक लगाना और लंबित राजस्व की वसूली सुनिश्चित करना है।
आईटी एक्सपर्ट राकेश कुमार साहू को सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी दी गई है। इसके जरिए नगर निगम अपनी योजनाओं और कर भुगतान से संबंधित जागरूकता अभियान को तेज करेगा। साथ ही ऑनलाइन सुविधाओं को बढ़ावा देकर नागरिकों को कर भुगतान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि रेवेन्यू रिफॉर्म सेल के गठन से आय में उल्लेखनीय सुधार हो सकता है। पिछले कुछ वर्षों में खर्चों की तुलना में नगर निगम की आय काफी कम हो गई थी, जिसके कारण आर्थिक संकट जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही थी। ऐसे में यह नई पहल नगर निगम की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। अब देखने वाली बात होगी कि नगर आयुक्त द्वारा शुरू किया गया यह प्रयास भविष्य में कितना प्रभावी साबित होता है।
अन्य प्रमुख खबरें
मुस्तरा रेलवे स्टेशन पर चला मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान, पकड़े गए 265 अनियमित यात्री
विश्व हिंदू महासंघ किन्नर प्रकोष्ठ की क्षेत्रीय महामंत्री बनने पर माँ किरन नंदगिरी का भव्य स्वागत
अवैध खनन पर तमिलनाडु सरकार सख्त, पूरे राज्य में खदानों का होगा निरीक्षण
जनगणना-2027 के तहत मकान सूचीकरण कार्य शुरू, डीएम ने लोगों से की सहयोग की अपील
जिला अधिकारी के निर्देश पर ओबरा में शुरू हुआ पानी छिड़काव अभियान, धूल और प्रदूषण से मिलेगी राहत
UPRVUNL अधिकारी एसोसिएशन की बड़ी मांग, स्थानांतरण नीति शून्य करने का प्रस्ताव
अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर “पानी पेड़ बचाओ अभियान” की भव्य गोष्ठी आयोजित
सोनभद्र पुलिस का अनोखा जागरूकता अभियान, “सेल्फी स्टेशन” से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
दिल्ली दंगा केस में तस्लीम अहमद और खालिद सैफी को अंतरिम जमानत
ओडिशा में लू लगने से 3 की मौत, कई जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी
केदारनाथ मार्ग पर हादसा: सोनप्रयाग में पहाड़ी से गिरे पत्थर, युवक की मौत, एक घायल
Iqra Hasan FIR: कैराना से सपा सांसद इकरा हसन के खिलाफ FIR दर्ज, जानें किस मामले में हुई कार्रवाई
प्रयागराज नैनी ब्रिज पर दो कारों में जबरदस्त टक्कर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत