विद्युत आपूर्ति सुधारने को लेकर मण्डलायुक्त की बैठक, जनप्रतिनिधियों ने दिए सुझाव

खबर सार :-
जिले के शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की पूर्णता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई—जिसकी अध्यक्षता झाँसी के मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने की और जिसमें सदर विधायक रवि शर्मा भी उपस्थित रहे। इस दौरान कई गंभीर मुद्दों पर चर्च हुई।

विद्युत आपूर्ति सुधारने को लेकर मण्डलायुक्त की बैठक, जनप्रतिनिधियों ने दिए सुझाव
खबर विस्तार : -

झांसी: जनपद के नगरीय क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति को बेहतर और सुचारु बनाने के उद्देश्य से बुधवार को मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर विधायक रवि शर्मा भी मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक में विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर में बिजली आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, समस्याओं और चल रहे विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

विधायक ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव

बैठक के दौरान सदर विधायक रवि शर्मा ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्युत उपकेंद्र पर संबंधित अधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किए जाएं ताकि उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने में सुविधा हो। उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की बिजली लाइनों को अलग-अलग करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, जिससे दोनों क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

विधायक ने कहा कि विधायक निधि के अंतर्गत स्वीकृत विद्युत परियोजनाओं को जल्द पूरा कराया जाए ताकि जनता को राहत मिल सके। उन्होंने तेज आंधी और खराब मौसम के दौरान बिजली बाधित होने की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि मुख्य विद्युत लाइनों के आसपास खड़े पेड़ों की समय-समय पर छंटाई और रखरखाव कराया जाए ताकि बारिश और तूफान के दौरान तार टूटने या लाइन बाधित होने की घटनाएं कम हों।

बैठक में जर्जर और क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि पुराने और खतरनाक पोलों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए तथा मरम्मत योग्य पोलों की जल्द मरम्मत कराई जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों से सामने आने वाली बिजली संबंधी शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर समाधान किया जाए।

मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी समय-समय पर जनप्रतिनिधियों को भी दी जाए ताकि समन्वय बना रहे और जनता को राहत मिल सके।

आपूर्ति को मजबूत बनाने के लिए उठाए गए कदम

बैठक में मुख्य अभियंता विद्युत के.पी. खान ने नगरीय क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को मजबूत बनाने के लिए चल रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद झांसी के नगरीय क्षेत्रों में 16 संख्या 33 केवी उपकेंद्रों के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि 350 एमवीए क्षमता वाले पावर ट्रांसफार्मर के साथ जेल चौराहा उपकेंद्र पर अतिरिक्त 33 एमवीए ट्रांसफार्मर को 3 मई 2026 को ऊर्जीकृत कर दिया गया है।

मुख्य अभियंता ने बताया कि 33 केवी उपकेंद्र जेल चौराहा और मुन्नालाल पावर हाउस को द्वितीय 33 केवी स्रोत से जोड़ने के लिए 132 केवी हंसारी डबल सर्किट लाइन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस परियोजना को मई माह के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूरा होने से शहर की बिजली आपूर्ति क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

उन्होंने बताया कि पूर्व में 132 केवी हंसारी से संचालित 33 केवी गल्ला मंडी लाइन से बरुआसागर ग्रामीण उपकेंद्र भी जुड़ा हुआ था। इसे अलग करने के बाद गल्ला मंडी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और बेहतर हो सकेगी।

मुख्य अभियंता ने यह भी बताया कि नंदनपुरा क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति को मजबूत करने के लिए 33 केवी उपकेंद्र अठौंदना का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है और इसे एक सप्ताह के भीतर ऊर्जीकृत कर दिया जाएगा। इसी प्रकार मेडिकल क्षेत्र में स्थापित 30 एमवीए क्षमता को बढ़ाकर 40 एमवीए किया जा रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता बेहतर होगी।

कई अधिकारी रहे मौजूद

ओवरलोड की समस्या के समाधान के लिए विभाग द्वारा लगातार ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि और नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 30 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई और 17 नए ट्रांसफार्मर लगाए गए। वहीं 2025-26 में 29 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि तथा 17 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 में 55 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि और 131 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने की योजना है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में झांसी महानगर की बिजली आपूर्ति 132 केवी हंसारी और 220 केवी दुनारा पारेषण उपकेंद्रों से संचालित हो रही है। भविष्य की बढ़ती मांग को देखते हुए ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में नए 132 केवी विद्युत पारेषण उपकेंद्र की स्थापना को शासन से मंजूरी मिल चुकी है और इस पर अग्रिम कार्यवाही जारी है।

बैठक में मुख्य अभियंता नगरीय विद्युत के.पी. खान, अधीक्षण अभियंता पुष्कर सिंह, अधिशासी अभियंता रविंद्र कुमार, मनोज कुमार, अधिशासी अभियंता पारेषण अनमोल डोंगरे सहित विद्युत विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

अन्य प्रमुख खबरें