अमेठी के खानापुर गांव में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

खबर सार :-
शुक्रवार को अमेठी ज़िले के पीपरपुर पुलिस थाना क्षेत्र में आने वाले खानापुर गाँव में दिन-दहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय दीपक मिश्रा के रूप में हुई है।

अमेठी के खानापुर गांव में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत
खबर विस्तार : -

अमेठीः अमेठी जनपद के पीपरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खानापुर गांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर देने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव से लेकर जिला अस्पताल तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मृतक की पहचान 26 वर्षीय दीपक मिश्रा के रूप में हुई है।

ग्रामीणों में डर का माहौल

स्थानीय लोगों और मृतक के मित्रों के मुताबिक, घटना में गांव के ही युवक सचिन पाण्डेय को आरोपी बताया जा रहा है। बताया गया कि सचिन पाण्डेय अवैध पिस्टल लेकर आया और उसके सामने ही दीपक मिश्रा के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही दीपक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोग और परिजन तुरंत उसे सुल्तानपुर जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों और ग्रामीणों में डर और शोक का माहौल देखा गया।

पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक का मित्र बालेन्द्र मिश्र, जो घटना के समय उसके साथ मौजूद था, को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा, परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पंचायतनामा सुल्तानपुर में कराया जा रहा है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई भी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने गांव में भय का माहौल पैदा कर दिया है।

स्थानीय लोग पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि जिम्मेदार व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्याय सुनिश्चित किया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्दी से जल्दी आरोपियों को पकड़ने की पूरी कोशिश की जा रही है और जांच जारी है।
 

अन्य प्रमुख खबरें