IPL Auction 2026 LIVE: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की नीलामी के लिए खिलाड़ियों की लिस्ट को नीलामी से ठीक एक दिन पहले एक बार फिर से रिवाइज किया गया है। सोमवार को जारी अपडेट के अनुसार, फ्रेंचाइजी के अनुरोध पर नीलामी लिस्ट में 19 और खिलाड़ियों को जोड़ा गया है। इसके साथ ही, अब खिलाड़ियों की कुल संख्या बढ़कर 369 हो गई है।
इस लेटेस्ट अपडेट में सबसे प्रमुख नाम बंगाल के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन का है, जिन्हें पहली बार IPL 2026 नीलामी लिस्ट में शामिल किया गया है। इससे पहले, लीग ने नीलामी पूल में नौ खिलाड़ियों को जोड़ा था, जिसमें त्रिपुरा के ऑलराउंडर मनीशंकर मुरासिंह, स्वस्तिक चिकारा और दक्षिण अफ्रीका के एथन बॉश शामिल थे। हालांकि, इन नामों को कुछ ही समय बाद लिस्ट से हटा दिया गया था। अब, लेटेस्ट अपडेट के साथ, इन नौ खिलाड़ियों को एक बार फिर नीलामी लिस्ट में शामिल किया गया है।
गौरतलब है कि आज मंगलवार 16 दिसंबर को अबू धाबी के एतिहाद एरिना में होने वाली नीलामी से पहले आए इस अपडेट ने फ्रेंचाइजी के लिए विकल्प बढ़ा दिए हैं। BCCI ने शुरू में 350 खिलाड़ियों की एक लिस्ट फाइनल की थी, जिसमें 240 भारतीय और 110 विदेशी खिलाड़ी शामिल थे। हालांकि, नई लिस्ट में अब 253 भारतीय और 116 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। इस मिनी-ऑक्शन में ज़्यादा से ज़्यादा 77 खिलाड़ियों को खरीदा जा सकता है, जिसमें 31 स्लॉट विदेशी खिलाड़ियों के लिए रिज़र्व हैं। चालीस खिलाड़ियों का बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये है, लेकिन उनमें से कई के अनसोल्ड रहने की उम्मीद है। सभी की नजरें अब इस पर टिकी हैं कि इन नए नामों पर कौन-सी टीमें दांव लगाती हैं।
दरअसल आईपीएल 2026 का मिनी ऑक्शन अबू धाबी में आयोजित किया जा रहा है। यह ऑक्शन एक ही दिन में पूरा होगा और भारतीय समयानुसार इसकी शुरुआत दोपहर 2:30 बजे से होगी। चूंकि यह मिनी ऑक्शन है, इसलिए इस बार फ्रेंचाइजियों को राइट टू मैच (RTM) कार्ड का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी, जिससे बोली की प्रतिस्पर्धा और रोमांच और बढ़ने की उम्मीद है।