IND vs SA : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ का पहला मैच 14 नवंबर से कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के चौथे संस्करण को देखते हुए यह सीरीज़ दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है। कोलकाता टेस्ट में टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के पास भी अपने करियर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा। राहुल ने अब तक टेस्ट क्रिकेट में शानदार फॉर्म दिखाते हुए 2025 में बतौर ओपनर सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया है।
जब से केएल राहुल ने टेस्ट क्रिकेट में पारी की शुरुआत की ज़िम्मेदारी संभाली है, उन्होंने देश और विदेश दोनों जगहों पर प्रभावशाली बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन किया है। राहुल ने अब तक 65 टेस्ट मैचों की 114 पारियों में 36.55 की औसत से 3985 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 11 शतक और 20 अर्धशतक लगाए हैं। अगर केएल राहुल कोलकाता टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 15 रन और बना लेते हैं, तो वह अपने टेस्ट करियर में 4000 रन पूरे कर लेंगे।
वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारतीय क्रिकेट के 18वें बल्लेबाज बन सकते हैं। 2025 में राहुल के टेस्ट फॉर्म पर नज़र डालें तो उन्होंने आठ टेस्ट मैचों की 15 पारियों में 53.21 की शानदार औसत से 745 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। इसलिए राहुल 2025 के आखिरी दो टेस्ट मैचों में भी अपनी इसी फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे।
वर्तमान विश्व टेस्ट चैंपियन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केएल राहुल का बल्लेबाजी प्रदर्शन अब तक कुछ खास नहीं रहा है और वह इसमें सुधार करने की कोशिश करेंगे। राहुल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सात टेस्ट मैच खेले हैं, जिनकी 13 पारियों में उन्होंने बल्लेबाजी की है। इस दौरान केएल राहुल ने 28.38 की औसत से 369 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और एक अर्धशतक शामिल है। केएल राहुल ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में केवल एक टेस्ट मैच खेला है, जिसकी दो पारियों में उन्होंने कुल 79 रन बनाए हैं।