गाजियाबाद : नमो भारत कनेक्ट मोबाइल ऐप तेजी से यात्रियों के बीच लोकप्रिय हो रहा है। आधुनिक और डिजिटल सुविधाओं से लैस यह ऐप यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान कर रहा है। इस ऐप के उपयोगकर्ताओं की संख्या भी लगातार बढ़ रही है और अब यह आंकड़ा साढ़े तीन लाख को पार कर चुका है।
फरवरी 2026 तक 3 लाख 61 हजार से अधिक यात्री इस ऐप का उपयोग कर रहे हैं। नमो भारत कनेक्ट ऐप के जरिए यात्री बिना टिकट काउंटर पर लाइन लगाए आसानी से डिजिटल क्यूआर टिकट खरीद सकते हैं। पिछले तीन महीनों में इस ऐप के माध्यम से 6 लाख 70 हजार से अधिक टिकटों की बिक्री हुई है, जबकि फरवरी 2026 तक कुल 24 लाख 70 हजार से ज्यादा डिजिटल टिकट खरीदे जा चुके हैं।
ये आंकड़े दर्शाते हैं कि यात्री तेजी से डिजिटल माध्यमों को अपना रहे हैं। इस ऐप में केवल टिकटिंग ही नहीं, बल्कि कई उन्नत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें रियल-टाइम ट्रेन ट्रैकिंग, लाइव पार्किंग स्टेटस, खोया-पाया सुविधा, शिकायत निवारण प्रणाली, महिला सुरक्षा सहायता, हेल्पलाइन और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सहायता शामिल हैं।
रियल-टाइम ट्रेन ट्रैकिंग फीचर यात्रियों को ट्रेन की वर्तमान स्थिति, अगले स्टेशन और अनुमानित आगमन समय की जानकारी देता है, जिससे वे अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकते हैं। वहीं, लाइव पार्किंग स्टेटस फीचर उन यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहा है, जो अपने निजी वाहनों से स्टेशन तक पहुंचते हैं। इसके जरिए वे पहले ही जान सकते हैं कि संबंधित स्टेशन पर पार्किंग उपलब्ध है या नहीं।
ऐप में ‘लॉस्ट एंड फाउंड’ फीचर भी जोड़ा गया है, जिससे यात्री अपने खोए हुए सामान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और उसे वापस पाने के लिए दावा कर सकते हैं। इसके अलावा ‘हेल्प एंड सपोर्ट’ फीचर के जरिए यात्री सीधे स्टाफ से संपर्क भी कर सकते हैं। इस ऐप की एक और खासियत इसका एकीकृत टिकटिंग सिस्टम है। इसके माध्यम से यात्री दिल्ली मेट्रो के लिए भी क्यूआर टिकट बुक कर सकते हैं। पिछले तीन महीनों में इस ऐप के जरिए 59 हजार से अधिक दिल्ली मेट्रो टिकट बुक किए गए हैं।
वहीं, दिल्ली मेट्रो के ‘डीएमआरसी मोमेंटम 2.0’ ऐप के जरिए नमो भारत के लिए भी 32 हजार से अधिक टिकट खरीदे गए हैं। इस एकीकृत व्यवस्था के तहत फरवरी 2026 तक कुल 3 लाख 17 हजार से अधिक टिकटों की बिक्री हो चुकी है। इसके साथ ही, एनसीआरटीसी और आईआरसीटीसी के बीच भी एकीकृत टिकटिंग सुविधा शुरू की गई है, जिससे अब यात्री भारतीय रेल और नमो भारत दोनों की यात्रा की योजना एक ही प्लेटफॉर्म से बना सकते हैं।
ऐप पर उपलब्ध आईआरसीटीसी विकल्प के जरिए यात्री सीधे रेलवे टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म पर पहुंच सकते हैं। कुल मिलाकर, नमो भारत कनेक्ट ऐप डिजिटल इंडिया की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है, जो यात्रियों को स्मार्ट, सुरक्षित और परेशानी मुक्त यात्रा का अनुभव प्रदान कर रहा है।
अन्य प्रमुख खबरें
अवैध प्रवासियों पर भारत का सख्त संदेश: “कानून के तहत होगी वापसी”, बांग्लादेश से सहयोग की उम्मीद
Census 2027: जनगणना में करें भागीदारी, घर बैठकर भरें अपनी जानकारी, जानें पूरी प्रक्रिया
Operation Sindhu anniversary : जब भारत के पराक्रम से कांप उठा था सीमा पार का आतंकी तंत्र
Mumbai: मुंबई में होटल ताज व ट्राइडेंट में आतंकी हमले की धमकी, हिरासत में आरोपी
Punjab: जालंधर व अमृतसर में धमाकों का ISI कनेक्शन! डीजीपी ने जताई आशंका