Bhind Accident: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटी, बुजुर्ग महिला की मौत, 17 घायल

खबर सार :-
Bhind Accident: चोराई-असवार मार्ग पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। श्रद्धालुओं को लेकर जा रही ट्रैक्टर ट्राॅली पलटने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई घायल हैं।

Bhind Accident: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटी, बुजुर्ग महिला की मौत, 17 घायल
खबर विस्तार : -

भिंड: मध्य प्रदेश के भिंड जिले के असवार थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यह घटना चोराई-असवार सड़क पर जैतपुरा पुलिया के पास हुई, जहां श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। ये सभी इकमिली गांव के निवासी हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे चोराई-असवार सड़क पर हुई। ग्रामीण कलश यात्रा के लिए पवित्र जल लेने हेतु सेवढ़ा (दतिया जिला) स्थित सनकुआ घाट जा रहे थे। गांव में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाना था और इसी उद्देश्य से श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रैक्टर पलट गया और उससे जुड़ी ट्रॉली सड़क किनारे एक खाई में जा गिरी। हादसे के समय ट्रॉली में क्षमता से अधिक लगभग 30 से 35 लोग सवार थे। जैसे ही ट्रॉली पलटी महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग उसके नीचे दब गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने की मदद

हादसे के तुरंत बाद, स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने का काम किया। सूचना मिलने पर, 'डायल-112' पुलिस यूनिट और '108' एम्बुलेंस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों को लहर सिविल अस्पताल ले जाया गया, वहां प्राथमिक उपचार मिलने के बाद तीन गंभीर रूप से घायल मरीजों को आगे के इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

मामले की जांच जारी

मृतक महिला की पहचान इकमिली गांव की निवासी फूलवती (61) के रूप में हुई है। इस दौरान फूलादेवी (62), अमित (18), विवेक बघेल (12), आशा देवी बघेल (35), गुड्डी देवी बघेल (45), अंकुश बघेल (14), विशाल बघेल (16), अंकित बघेल (16), रोशती बघेल (12), फुलकुंअर बघेल (35), गौरा देवी (64), श्यामकुंअर (45), ढकेली देवी (40), पुष्पा देवी (30), नीलम, अजय (8) और देवू बघेल (10) घायल हो गये। थाना प्रभारी सुरेश मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।

अन्य प्रमुख खबरें