एनएस राजा सुब्रमणि होंगे देश के नए CDS, जनरल अनिल चौहान के बाद संभालेंगे पद

खबर सार :-
रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल NS राजा सुब्रमणि देश के नए CDS बनेंगे। इसके साथ ही वे सैन्य मामलों के विभाग के सचिव के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।

एनएस राजा सुब्रमणि होंगे देश के नए CDS, जनरल अनिल चौहान के बाद संभालेंगे पद
खबर विस्तार : -

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने (रि.)लेफ्टिनेंट जनरल NS राजा सुब्रमणि को देश का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ नियुक्त किया है। वर्तमान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल 30 मई को समाप्त होने वाला है। वह 30 मई को जनरल अनिल चौहान का स्थान लेंगे और रक्षा मंत्रालय के तहत सैन्य मामलों के विभाग के सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे।

लेफ्टिनेंट जनरल NS राजा सुब्रमणि 1 सितंबर, 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले उन्होंने 1 जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2025 तक सेना के उप-प्रमुख (Vice Chief of the Army Staff) के रूप में और मार्च 2023 से जून 2024 तक मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्य किया। 39 वर्षों की विशिष्ट सेवा के बाद, वह 31 जुलाई, 2025 को सेना से सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने मध्य कमान के GOC के रूप में भी सेवा दी है। लेफ्टिनेंट जनरल NS राजा सुब्रमणि अपनी व्यापक सैन्य सेवा और प्रमुख नेतृत्व पदों पर रहने के लिए जाने जाते हैं।

देश के तीसरे CDS होंगे सुब्रमणि

1 जनवरी, 2020 को, केंद्र सरकार ने सशस्त्र बलों की तीनों शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) का पद सृजित किया। इसके बाद, जनरल बिपिन रावत भारत के पहले CDS बने। उनका कार्यकाल 1 जनवरी 2020 से 8 दिसंबर 2021 तक रहा। 8 दिसंबर को केरल के कुन्नूर में एक दुर्भाग्यपूर्ण विमान दुर्घटना में जनरल बिपिन रावत का निधन हो गया। इसके बाद यह पद 9 दिसंबर 2021 से 29 सितंबर 2022 तक रिक्त रहा।

जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) को 30 सितंबर 2022 को दूसरे CDS के रूप में नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल 30 मई, 2026 को समाप्त होने वाला है। इसके बाद, तीसरे CDS के रूप में सेवा करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब लेफ्टिनेंट जनरल NS राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) को सौंपी गई है।

अन्य प्रमुख खबरें