मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुरुवार को एक गंभीर विमान हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। ठाणे के ग्रामीण इलाकों के ऊपर उड़ान भरते समय अचानक मौसम बिगड़ने और भारी तूफान के कारण उनका हेलीकॉप्टर रास्ता भटक गया था। हालांकि, पायलट की त्वरित निर्णय क्षमता और सावधानी की वजह से एक बड़ी अनहोनी टल गई और हेलीकॉप्टर को सुरक्षित लैंड करा लिया गया।
उपमुख्यमंत्री शिंदे गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे महालक्ष्मी रेस कोर्स से मुरबाद के लिए रवाना हुए थे। वे वहां अपने पार्टी पदाधिकारियों के पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। सफर के दौरान जब हेलीकॉप्टर ऐरोली के पास पहुंचा, तभी सामने से तेज तूफान आता दिखाई दिया। खराब दृश्यता और खतरे को भांपते हुए पायलट ने तुरंत उपमुख्यमंत्री को स्थिति से अवगत कराया।
पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए आगे बढ़ने के बजाय वापस लौटने का फैसला किया। इसके कुछ ही मिनटों बाद, हेलीकॉप्टर को जुहू स्थित पवन हंस हेलीपैड पर सुरक्षित उतार लिया गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई है। हेलीकॉप्टर में एकनाथ शिंदे के साथ उनके निजी सहायक प्रभाकर काले, विशेष कर्तव्य अधिकारी बल सिंह राजपूत, विनायक पात्रुडकर और सुरक्षाकर्मी मौजूद थे। सुरक्षित लैंडिंग के बाद उपमुख्यमंत्री अपने काफिले के साथ आवास के लिए रवाना हो गए।
इस घटना ने राज्य में एक बार फिर वीवीआईपी सुरक्षा और विमान यात्राओं के जोखिम पर चर्चा छेड़ दी है। विशेष रूप से 28 जनवरी को हुई उस दुखद दुर्घटना की यादें ताजा हो गईं, जिसमें उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान बारामती के पास क्रैश हो गया था। उस हादसे में अजित पवार समेत सभी 6 लोगों की जान चली गई थी। आज की घटना में पायलट की सतर्कता ने महाराष्ट्र को एक और बड़े राजनीतिक आघात से बचा लिया।
अन्य प्रमुख खबरें
अवैध प्रवासियों पर भारत का सख्त संदेश: “कानून के तहत होगी वापसी”, बांग्लादेश से सहयोग की उम्मीद
Census 2027: जनगणना में करें भागीदारी, घर बैठकर भरें अपनी जानकारी, जानें पूरी प्रक्रिया
Operation Sindhu anniversary : जब भारत के पराक्रम से कांप उठा था सीमा पार का आतंकी तंत्र
Mumbai: मुंबई में होटल ताज व ट्राइडेंट में आतंकी हमले की धमकी, हिरासत में आरोपी
Punjab: जालंधर व अमृतसर में धमाकों का ISI कनेक्शन! डीजीपी ने जताई आशंका