इजराइल की नीतियों से सहमत नहीं मैक्रों, बेंजामिन नेतन्याहू से समझदारी दिखाने का आग्रह

खबर सार :-
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की गाजा, वेस्ट बैंक और दक्षिणी लेबनान से संबंधित नीतियों की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि ऐसी नीतियों से क्षेत्र में नाराजगी और हिंसा को बढ़ावा मिल रहा है।
इजराइल की नीतियों से सहमत नहीं मैक्रों, बेंजामिन नेतन्याहू से समझदारी दिखाने का आग्रह
खबर विस्तार : -

इस्तांबुल: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से जिम्मेदारी और समझदारी दिखाने को कहा है। उन्होंने कहा कि वह गाजा, वेस्ट बैंक और दक्षिणी लेबनान को लेकर इजराइल की नीतियों से सहमत नहीं हैं।

फ्रांस के एवियन में टीवी चैनल 'फ्रांस-2' को दिए गए एक इंटरव्यू का हवाला देते हुए, तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडाेलु ने बताया कि मैक्रों ने वेस्ट बैंक में नई बस्तियां बसाने और अन्य कामों की आलोचना की और उन्हें पूरी तरह से अस्वीकार्य बताया। उन्होंने तर्क दिया कि ऐसी नीतियां क्षेत्र में नाराजगी और हिंसा को बढ़ावा दे रही हैं और शांति प्रयासों को कमजोर कर रही हैं।

ईरान की कई सैन्य क्षमताएं कमजोर हुईं

मैक्रों ने कहा कि हाल ही में हुए G-7 शिखर सम्मेलन के आखिरी दौर में अमेरिका और ईरान के बीच समझौता हुआ था। उन्होंने इस बात को खारिज कर दिया कि यह समझौता ईरान के घुटने टेकने का संकेत था। उन्होंने कहा कि हालांकि ईरान की कई सैन्य क्षमताएं कमजोर हुई हैं, फिर भी अगले 60 दिनों में होने वाली बातचीत के दौरान अहम मुद्दों पर गंभीर चर्चा जरूरी होगी। 

होर्मुज को सुरक्षित रखने में सहयोग करने को तैयार फ्रांस

मैक्रों ने यह भी दोहराया कि फ्रांस और ब्रिटेन होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को सुरक्षित और खुला रखने में सहयोग करने के लिए तैयार हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति ने कहा कि पेरिस ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी संभावित बातचीत में शामिल होने के लिए तैयार है। उन्होंने लेबनान के विभिन्न हिस्सों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लेबनान की सेना की मदद करने की बात भी कही।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रयासों की सराहना

इस बीच, यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध के बारे में उन्होंने यूक्रेन के प्रतिरोध की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यूक्रेन ने अपने साहस, इनोवेशन और सैन्य उत्पादन क्षमताओं से दुनिया को हैरान कर दिया है। मैक्रों ने उम्मीद जताई कि रूस पर बढ़ता दबाव उसे बातचीत की मेज पर लौटने के लिए मजबूर कर सकता है। उन्होंने संघर्ष को सुलझाने की दिशा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रयासों का भी स्वागत किया।

 

यह भी पढ़ेंः-आईईए प्रमुख को होर्मुज के भविष्य की फिक्र, बोले- कई देश अपनी ऊर्जा नीतियों की कर रहे समीक्षा

अन्य प्रमुख खबरें