राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस पर रेडक्रॉस ने किया संगोष्ठी का आयोजन

खबर सार :-
राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस' के अवसर पर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय परिसर में स्थित 'इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी' के कार्यालय में एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान मातृ स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस पर रेडक्रॉस ने किया संगोष्ठी का आयोजन
खबर विस्तार : -

शाहजहांपुर: इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित रेडक्रॉस कार्यालय में एक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित प्रसव को प्रोत्साहित करना रहा।

मातृ स्वास्थ्य के महत्व पर चर्चा

संगोष्ठी में रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के आशा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षक डॉ. विजय जौहरी ने मातृ स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस का मुख्य उद्देश्य मातृ मृत्यु दर को कम करना, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना और गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

डॉ. जौहरी ने बताया कि रेडक्रॉस संस्था स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का नियमित आयोजन करती है, जिससे प्रसव के दौरान आपातकालीन स्थितियों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रसव के समय होने वाले अत्यधिक रक्तस्राव के कारण कई बार महिलाओं की जान चली जाती है, लेकिन समय पर रक्त मिलने से इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है।

जागरूकता अबियान की दी जानकारी

उन्होंने आगे बताया कि संस्था ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं को पोषण, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच और सुरक्षित प्रसव के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसके तहत स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर गर्भवती महिलाओं की जांच की जाती है, हाई-रिस्क प्रेगनेंसी की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाता है।

डॉ. जौहरी ने प्रसव पूर्व (एंटिनेटल) और प्रसव पश्चात (पोस्टनैटल) देखभाल को बेहद जरूरी बताते हुए कहा कि समय पर चिकित्सा सेवाएं मिलने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास की गर्भवती महिलाओं को नियमित जांच और संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करें।

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

संगोष्ठी में उपस्थित सभी लोगों को सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूक रहने और समाज में इसके प्रचार-प्रसार के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. विजय जौहरी ने सभी को सुरक्षित मातृत्व और सुरक्षित प्रसव के लिए सहयोगी भूमिका निभाने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर बाल कृष्ण पाण्डेय, ब्रजेश गुप्ता, रवि कुमार, मीनू मिश्रा, अनुज जौहरी, अग्रज जौहरी और अवनीश सक्सेना सहित रेडक्रॉस के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन मातृ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के संकल्प के साथ किया गया।

अन्य प्रमुख खबरें