Pilibhit Farmers Protest: लेखपाल पर किसानों ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

खबर सार :-
पीलीभीत में किसानों ने लेखपाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहसील परिसर में धरना दिया। उनका आरोप है कि लेखपाल सही तरीके से काम नहीं कर रहे हैं। किसानों ने एसडीएम को इसी से संबंधित एक ज्ञापन भी सौंपा है।
Pilibhit Farmers Protest: लेखपाल पर किसानों ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
खबर विस्तार : -

Pilibhit Farmers Protest: तहसील क्षेत्र के गांव गोपालपुर एवं भगवंतापुर तालुके घुंघचाई के किसानों ने लेखपाल सोहिता गंगवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। किसानों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपते हुए लेखपाल को क्षेत्र से हटाने की मांग की।

वास्तविक भूमि स्वामियों को परेशान करने का आरोप

किसानों का आरोप है कि लेखपाल सोहिता गंगवार विभिन्न राजस्व संबंधी कार्यों के लिए सुविधा शुल्क की मांग करती हैं। उनका कहना है कि यदि कोई किसान बिजली कनेक्शन के लिए खसरा, खेत का नक्शा या अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगता है, तो बिना सुविधा शुल्क दिए उसका कार्य नहीं किया जाता। किसानों ने आरोप लगाया कि कई मामलों में गलत दस्तावेजों को प्रमाणित कर वन विभाग की भूमि पर भी बिजली कनेक्शन दिलवा दिए गए हैं, जिससे वास्तविक भूमि स्वामियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों ने लगाए जमकर नारे

प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि एक किसान की भूमि के दस्तावेज किसी अन्य स्थान पर लगाकर प्रमाणित कर दिए गए, जिसके कारण संबंधित किसान न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर है। किसानों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इस दौरान किसानों ने "जय जवान, जय किसान" के नारों के साथ अपनी मांगों को प्रशासन के सामने रखा। प्रदर्शन में किसान संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल रहे। कार्यक्रम में संगठन के जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह कहलों, उपाध्यक्ष जोगा सिंह विर्क, तहसील उपाध्यक्ष रेशम सिंह रंधावा, जिला सचिव नरवैल सिंह, कारज सिंह, दलजिंदर सिंह, भूपेंद्र सिंह, दुलारे प्रसाद, लालता प्रसाद समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी शिकायतों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे। वहीं प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

यह भी पढ़ेंः-Pilibhit Firing: पुरानी रंजिश में दो पक्षों के बीच चली ताबड़तोड़ गोलियां, तीन लोग घायल
 

अन्य प्रमुख खबरें