झांसी में चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ, सांसद अनुराग शर्मा ने किया उद्घाटन

खबर सार :-
झांसी प्रदर्शनी में लगाई गई जिमसें प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, मिशन शक्ति, मुख्यमंत्री सुमंगला योजना तथा एक जनपद एक उत्पाद जैसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी सचित्र माध्यम से प्रदर्शित की गई है।
झांसी में चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ, सांसद अनुराग शर्मा ने किया उद्घाटन
खबर विस्तार : -

झांसी: केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद झांसी में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का बुधवार को पंडित दीनदयाल सभागार परिसर में भव्य शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम, सदर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, विधान परिषद सदस्य श्रीमती रमा निरंजन, रामतीर्थ सिंघल, गौसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष प्रदीप पटेल, जिलाधिकारी गौरांग राठी तथा मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

उद्घाटन के बाद सांसद अनुराग शर्मा ने विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मूल मंत्र के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य किया गया है।

सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पांच राष्ट्रीय राजमार्ग, एक एक्सप्रेस-वे, आठ फ्लाईओवर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण तथा रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं स्थापित की गई हैं। इसके साथ ही झांसी को जल्द ही एयरपोर्ट की सौगात मिलने जा रही है।

उन्होंने कहा कि कभी सूखाग्रस्त क्षेत्र के रूप में पहचान रखने वाला बुंदेलखंड आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने का कार्य तेजी से किया गया है और विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर विकास योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंच रहा है।

प्रदर्शनी में शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, खेल, स्मार्ट सिटी, स्वच्छता, पर्यटन और सुरक्षा से संबंधित विकास कार्यों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। जनपद में लगभग 27 करोड़ रुपये की लागत से कटेरा, गणेशपुरा-बबीना और बिजौली में राजकीय महाविद्यालयों का निर्माण कराया गया है। वहीं 11.46 करोड़ रुपये की लागत से बबीना में आईटीआई भवन का निर्माण कर युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

खेल सुविधाओं के विस्तार के अंतर्गत 3.57 करोड़ रुपये की लागत से मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में जिम्नास्टिक हॉल का निर्माण किया गया है। स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के तहत 25 करोड़ रुपये की लागत से मल्टी लेवल कार पार्किंग तथा 7 करोड़ रुपये की लागत से इलेक्ट्रिक बस मेंटेनेंस डिपो का निर्माण कराया गया है।

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में 28 करोड़ रुपये की लागत से बिजौली में सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया गया है। वहीं पर्यटन विकास के लिए लगभग 99.50 लाख रुपये की लागत से पर्यटक सूचना केंद्र का विकास किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 13.57 करोड़ रुपये की लागत से 33वीं वाहिनी पीएसी में 200 बैरकों का निर्माण तथा 9.07 करोड़ रुपये की लागत से समथर में अग्निशमन केंद्र भवन का निर्माण कराया गया है।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे 17 जून से 20 जून 2026 तक आयोजित इस निःशुल्क विकास प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करें।

प्रदर्शनी में बीडा, डिफेंस कॉरिडोर, लोक निर्माण विभाग, झांसी विकास प्राधिकरण, नगर निगम, जल जीवन मिशन, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, स्वास्थ्य विभाग, कौशल विकास मिशन, उद्योग, पर्यटन, समाज कल्याण, कृषि, राजस्व, पुलिस, महिला एवं बाल विकास, श्रम, शिक्षा, विद्युत, वन तथा खाद्य एवं रसद विभाग सहित अनेक विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से विभाग अपनी योजनाओं, उपलब्धियों और सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचा रहे हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

यह भी पढ़ेंः-2027 चुनाव की तैयारी में जुटी सपा, अखिलेश ने बुलाई ब्राह्मण नेताओं की अहम बैठक

अन्य प्रमुख खबरें