बेंगलुरु खदान हादसा: राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया शोक, सीएम बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

खबर सार :-

बेंगलुरु पत्थर खदान में विशालकाय चट्टान गिरने से 7 मजदूरों की मौत की घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है। वहीं, सीएम ने सख्त रवैया अपनाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले खदान मालिकों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बेंगलुरु खदान हादसा: राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया शोक, सीएम बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

खबर विस्तार : -

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के बेंगलुरु जिले में एक पत्थर की खदान में हुए दुखद हादसे पर गहरा दुख जताया है। 

इस घटना में सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। आशंका है कि कुछ मजदूर अभी भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़ने की चिंता है।

'शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं'

राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "कर्नाटक के बेंगलुरु शहरी जिले में पत्थर की खदान में हुए हादसे में लोगों की मौत से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।"

'घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना'

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी हादसे पर शोक जताते हुए कहा, "कर्नाटक के बेंगलुरु शहरी जिले में पत्थर की खदान में हुई दुर्घटना में बहुमूल्य जिंदगियों का जाना बेहद पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

'खदान हादसे में लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कर्नाटक के बेंगलुरु शहरी जिले में पत्थर की खदान हादसे में लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।"

'नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई'

इससे पहले, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने भी इस घटना पर दुख जताया और दक्षिण बेंगलुरु तालुक के मडापट्टना में चट्टान गिरने से सात मजदूरों की मौत को बेहद दुखद बताया। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की। उन्होंने आगे कहा कि खदान में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना खदान मालिकों की जिम्मेदारी है और सरकार नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

गुरुवार सुबह मजदूरों पर गिरा बड़ा चट्टान

अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 5 बजे बेंगलुरु दक्षिण तालुक के मडापट्टना में एक पत्थर की खदान में हुआ। शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि उस समय खदान में लगभग 20 मजदूर मौजूद थे। मजदूर जमीन के स्तर से लगभग 40 फीट नीचे खुदाई कर रहे थे, तभी चट्टान का एक बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर उन पर गिर पड़ा।

मलबा हटाने का कार्य जारी 

शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि मृतक बिहार के प्रवासी मजदूर थे, जबकि घायलों में से कुछ कर्नाटक के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल, पुलिस, जिला प्रशासन और बचाव दल घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य कर रहे हैं। मलबे को हटाने और फंसे हुए मजदूरों की तलाश करने की कोशिशें जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि भारी चट्टानों के नीचे कई शव दबे हुए हैं और उन्हें निकालने की कोशिशें की जा रही हैं।

 

ये भी पढ़ें:  बेंगलुरु में बड़ा हादसा, पत्थर खदान में चट्टान गिरने से 7 मजदूरों की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

अन्य प्रमुख खबरें