बलिया में गंगा नदी में बड़ा हादसा: 4 लोग डूबे, राहत-बचाव कार्य जारी, सीएम योगी ने जताया शोक

खबर सार :-
गंगा नदी में नहाते समय चार लोग डूब गए, जबकि नाविकों ने दो अन्य लोगों को बचा लिया। पुलिस मछुआरों की मदद से लापता चारों लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया है।

बलिया में गंगा नदी में बड़ा हादसा: 4 लोग डूबे, राहत-बचाव कार्य जारी, सीएम योगी ने जताया शोक
खबर विस्तार : -

बलियाः उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में गंगा नदी में नहाते समय हुए दर्दनाक हादसे में 4 लोग डूब गए, जबकि स्थानीय नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए 2 लोगों को बचा लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

चार लोग लापता

यह हादसा बलिया के कोतवाली क्षेत्र स्थित श्रीरामपुर घाट पर हुआ, जहां एक परिवार मुंडन संस्कार के लिए गंगा घाट पहुंचा था। बताया जा रहा है कि घाट पर मौजूद कुछ युवक और युवती स्नान कर रहे थे, तभी अचानक एक व्यक्ति का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में एक के बाद एक चार लोग डूबने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद गोताखोरों और मछुआरों की टीम को मौके पर बुलाया गया। राहत कार्य के दौरान नाविकों ने दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बाकी चार लोग लापता हो गए। उनकी तलाश लगातार जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मछुआरों और गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नदी का बहाव तेज होने के कारण खोज अभियान में कठिनाई आ रही है, लेकिन टीम पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही है।

सीएम योगी ने जताया दुख

इस दर्दनाक घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि जनपद बलिया में गंगा घाट पर सेल्फी और रील बनाते समय हुई यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों व प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए।

सीएम योगी ने आगे कहा कि वे प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करें।

यह हादसा एक बार फिर नदी घाटों पर सुरक्षा और सावधानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गहरे पानी में नहाने के दौरान पूरी सावधानी बरतें और चेतावनी संकेतों का पालन करें।

बलिया में यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब हाल ही में मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरगी बांध के जलाशय में डूबने से कम से कम 13 लोगों की जान चली गई थी। बरगी बांध पर यह हादसा 30 अप्रैल को हुआ था। वहां तेज़ हवाओं के कारण एक क्रूज़ बोट जलाशय में डूब गई थी, और इसके परिणामस्वरूप, उसमें सवार लोग भी डूब गए।
 

अन्य प्रमुख खबरें