Ranji Trophy Final : पहला रणजी खिताब जीतने की ओर जम्मू-कश्मीर, दूसरे दिन के खेल तक बनाया 527 स्कोर... पुंडीर, डोगरा, कन्हैया ने खेली दमदार पारी

खबर सार :-
जम्मू-कश्मीर अपने पहले रणजी खिलाब की ओर मजबूती से कदम बढ़ा रही है। रणजी ट्रॉफी फाइनल में जम्मू-कश्मीर ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 527 रन का विशाल स्कोर बना लिया है। तीसरे दिन स्कोर बोर्ड पर कुछ और रन जोड़कर जम्मू-कश्मीर की रणनीति कर्नाटक को दबाव में लाने की होगी। जम्मू-कश्मीर की ओर से रणजी फाइनल में शुभम पुंडीर ने 121 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। कप्तान पारस डोगरा व कन्हैया वाधावन ने अर्द्धशतक लगाए।

Ranji Trophy Final : पहला रणजी खिताब जीतने की ओर जम्मू-कश्मीर, दूसरे दिन के खेल तक बनाया 527 स्कोर... पुंडीर, डोगरा, कन्हैया ने खेली दमदार पारी
खबर विस्तार : -

Ranji Trophy Final : जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी एलीट 2025-26 के खिताबी मुकाबले में मजबूत पकड़ बना ली है। इस टीम ने केएससीए हुबली क्रिकेट ग्राउंड पर जारी मुकाबले के दूसरे दिन तक 6 विकेट खोकर 527 रन बना लिए हैं। 

निराशाजनक शुरुआत के बाद जम्मू-कश्मीर की टीम ने पकड़ी रफ्तार

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी जम्मू-कश्मीर की शुरुआत निराशाजनक रही। इस टीम को 18 के स्कोर पर कामरान इकबाल (6) के रूप में बड़ा झटका लगा। इसके बाद शुभम पुंडीर ने यावर हसन के साथ दूसरे विकेट के लिए 139 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला।

यावर 13 चौकों के साथ 88 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कप्तान पारस डोगरा बल्लेबाजी के लिए उतरे, लेकिन पहले दिन 9 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। यहां से शुभम ने अब्दुल समद (61) के साथ 124 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 300 के पार पहुंचा दिया। शुभम खेल के दूसरे दिन 121 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 2 छक्के और 12 चौके शामिल रहे। 

शुभम पुंडीर के शतक के बाद डोगरा-कन्हैया ने जड़े अर्द्धशतक 

दूसरे दिन पारस डोगरा अपनी पारी को आगे बढ़ाने मैदान पर उतरे। उन्होंने कन्हैया वाधावन के साथ 110 रन जुटाए। कन्हैया 9 चौकों के साथ 70 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जहां से डोगरा ने साहिल लोत्रा के साथ 54 रन जोड़े। पारस डोगरा 8 चौकों के साथ 70 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद साहिल ने दिन की समाप्ति तक आबिद मुश्ताक के साथ 56 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया है।

तीसरे दिन स्कोरबोर्ड पर और रन जोड़कर कर्नाटक को दबाव में लाना चाहेगी जम्मू-कश्मीर 

साहिल 97 गेंदों में 7 चौकों के साथ 57 रन बना चुके हैं, जबकि आबिद ने 2 चौकों के साथ 20 रन टीम के खाते में जोड़े हैं। मुकाबले के तीसरे दिन जम्मू-कश्मीर की टीम स्कोरबोर्ड पर कुछ और रन जोड़कर कर्नाटक को दबाव में लाना चाहेगी। शुरुआती दो दिनों के खेल तक कर्नाटक की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए हैं, जबकि विद्याधर पाटिल, श्रेयस गोपाल और शिखर शेट्टी ने 1-1 विकेट निकाला है।

जम्मू-कश्मीर की प्लेइंग इलेवन : कामरन इकबाल, यावर हसन, शुभम पुंडीर, पारस डोगरा (कप्तान), अब्दुल समद, कन्हैया वधावन (विकेटकीपर), आबिद मुश्ताक, औकिब नबी डार, युद्धवीर सिंह चरक, साहिल लोत्रा और सुनील कुमार।

कर्नाटक की प्लेइंग इलेवन : केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, देवदत्त पडिक्कल (कप्तान), करुण नायर, स्मरण रविचंद्रन, श्रेयस गोपाल, कृतिक कृष्णा (विकेटकीपर), विद्याधर पाटिल, विजयकुमार वैशाक, शिखर शेट्टी और प्रसिद्ध कृष्णा।
 

अन्य प्रमुख खबरें