Electric Two Wheeler Licensing Rules : देशभर में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती लोकप्रियता के बीच इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का चलन भी तेज़ी से बढ़ रहा है। महानगरों के साथ-साथ अब ग्रामीण इलाकों में भी ई-स्कूटी और ई-बाइक आम उपयोग में आ चुकी हैं। कम खर्च, कम रखरखाव और पर्यावरण के अनुकूल होने के कारण लोग तेजी से इनकी ओर आकर्षित हो रहे हैं। हालांकि, इन्हीं वाहनों को लेकर आम जनता के बीच एक बड़ी गलतफहमी भी फैल चुकी है कि इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन चलाने के लिए न तो ड्राइविंग लाइसेंस की जरूरत होती है और न ही वाहन का पंजीयन कराया जाना आवश्यक है।
कई मामलों में इलेक्ट्रिक वाहन डीलर बिक्री के दौरान ग्राहकों को यह कहकर गुमराह कर देते हैं कि ई-स्कूटी खरीदने के बाद किसी तरह की कानूनी औपचारिकता नहीं करनी होगी। यही कारण है कि स्कूली छात्र-छात्राएं, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में बिना लाइसेंस और पंजीयन के ही इन वाहनों को सड़कों पर चला रहे हैं। जानकारी के अभाव में यह स्थिति अनजाने में नियमों के उल्लंघन को जन्म दे रही है।
परिवहन विभाग द्वारा जारी नियमों के अनुसार, सभी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन से मुक्त नहीं होते। यह छूट केवल उन्हीं वाहनों पर लागू होती है जिनकी अधिकतम गति 25 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक नहीं होती और जिनका वजन बैटरी को छोड़कर 60 किलोग्राम से कम होता है। यदि कोई इलेक्ट्रिक स्कूटी या बाइक इन तय मानकों से अधिक क्षमता रखती है, तो उसे सामान्य मोटर वाहन की श्रेणी में माना जाता है।
ऐसे इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन जिनकी गति 25 किमी प्रति घंटा से अधिक है या जिनका वजन निर्धारित सीमा से ज्यादा है, उनके लिए वाहन पंजीयन और चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है। इन नियमों का पालन न करने पर चालान के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए झांसी के संभागीय परिवहन अधिकारी श्री अरविंद त्रिवेदी ने स्पष्ट किया कि उपरोक्त मानकों को पूरा न करने वाले इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों को बिना रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस चलाना कानूनन अपराध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वाहन खरीदने से पहले उसकी तकनीकी विशेषताओं की स्वयं जांच करें और केवल डीलर की बातों पर निर्भर न रहें। परिवहन विशेषज्ञों का मानना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग के साथ नियमों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी और नियमों की समझ न केवल चालान से बचा सकती है, बल्कि सड़क सुरक्षा को भी मजबूत कर सकती है।
अन्य प्रमुख खबरें
Alwar: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर बड़ा हादसा, गोवर्धन जा रही स्लीपर बस पलटी, 60 यात्री घायल
बिहार में दामाद की हत्या, गड्ढे में दफनाया शव, 4 महिलाएं गिरफ्तार
मुस्तरा रेलवे स्टेशन पर चला मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान, पकड़े गए 265 अनियमित यात्री
विश्व हिंदू महासंघ किन्नर प्रकोष्ठ की क्षेत्रीय महामंत्री बनने पर माँ किरन नंदगिरी का भव्य स्वागत
अवैध खनन पर तमिलनाडु सरकार सख्त, पूरे राज्य में खदानों का होगा निरीक्षण
जनगणना-2027 के तहत मकान सूचीकरण कार्य शुरू, डीएम ने लोगों से की सहयोग की अपील
जिला अधिकारी के निर्देश पर ओबरा में शुरू हुआ पानी छिड़काव अभियान, धूल और प्रदूषण से मिलेगी राहत
UPRVUNL अधिकारी एसोसिएशन की बड़ी मांग, स्थानांतरण नीति शून्य करने का प्रस्ताव
अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर “पानी पेड़ बचाओ अभियान” की भव्य गोष्ठी आयोजित
सोनभद्र पुलिस का अनोखा जागरूकता अभियान, “सेल्फी स्टेशन” से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए बना रेवेन्यू रिफॉर्म सेल, कर वसूली व्यवस्था होगी मजबूत
दिल्ली दंगा केस में तस्लीम अहमद और खालिद सैफी को अंतरिम जमानत
ओडिशा में लू लगने से 3 की मौत, कई जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी
केदारनाथ मार्ग पर हादसा: सोनप्रयाग में पहाड़ी से गिरे पत्थर, युवक की मौत, एक घायल