सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाए जाने पर बोलीं सोनाक्षी सिन्हा, कहा- सवाल पूछना हमारा हक है

खबर सार :-

दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रोटेस्ट के दौरान 18 जुलाई को सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा जबरन हटाए जाने के बाद सोनाक्षी सिन्हा ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाए जाने पर बोलीं सोनाक्षी सिन्हा, कहा- सवाल पूछना हमारा हक है

खबर विस्तार : -

Sonakshi Sinha: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के बीच शनिवार को सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा जबरन चादर से घेरकर प्रदर्शन स्थल से हटाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से प्रोटेस्ट करने वाले युवाओं में काफी आक्रोश देखने को मिला। हाल ही में बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा का बयान सामने आया है, जिसमें वो खुलकर सीजेपी का समर्थन करते नजर आ रही हैं और उन्होंने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी है।

सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा जबरन हटाने पर सोनाक्षी सिन्हा की प्रतिक्रिया

दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार की सुबह से ही काफी हलचल देखने को मिल रही है। 21 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा तबीयत खराब होने और अदालत के आदेशों का पालन करने का हवाला देकर जबरन प्रदर्शन स्थल से हटाकर उन्हें सफेद चादरों से घेरकर सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से प्रदर्शनकारियों ने नाराजगी जताई। इसके बाद से सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने खुद भूख हड़ताल पर रहने का फैसला किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कई वीडियो में देखा जा सकता है कि सोनम के प्रदर्शन स्थल से हटाए जाने के बाद वो लगातार लोगों से 20 मार्च को होने वाले संसद मार्च से जुड़ने की अपील कर रहे हैं। इस दौरान बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा का एक बयान सामने आया है, जिसमें वो सीजेपी का समर्थन करते नजर आ रही हैं और पुलिस की इस कार्रवाई पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी है।

सोनम सर के साथ बिल्कुल ठीक नहीं हुआ- सोनाक्षी सिन्हा

सोनाक्षी सिन्हा ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने सोनम वांगचुक के साथ हुए इस घटना पर दुख जताया है। एक्ट्रेस ने कहा, ''आज सोनम सर के साथ जो कुछ भी हुआ है, वह बिल्कुल ठीक नहीं हुआ। खैर, मुझे इस बात की खुशी है कि वह अब ठीक हैं और उनकी पत्नी इस मुश्किल वक्त में उनके साथ मौजूद हैं। वह अभी भी बहुत मजबूत हैं और पूरी तरह से सचेत हैं। मैं पिछले कई दिनों से उन्हें और उनके साथ खड़े उन हजारों लोगों को लगातार देख रही हूं। वहां जो भी लोग जुटे हैं, वे बेहद शांत, सम्मानजनक और पूरी तरह अहिंसक तरीके से अपनी बात सरकार के सामने रख रहे हैं। हम सब अच्छी तरह जानते हैं कि किसी भी देश का भविष्य उसकी युवा शक्ति होती है। आप सभी को इस तरह दृढ़ता से खड़े देखकर यह बात आज और भी सच महसूस होने लगी है। इतनी निराशा और इतने लंबे इंतजार के बाद भी जिस तरह से आप लोगों ने अपना यह संघर्ष शांति और सम्मान के साथ जारी रखा है, उसके लिए मैं आप सबको सलाम करती हूं।''

सवाल पूछना हमारा हक है- सोनाक्षी सिन्हा

सोनाक्षी ने 20 जुलाई को होने वाली संसद मार्च को लेकर कहा, ''20 तारीख को जो लोग इस मार्च में शामिल होने जा रहे हैं, मेरी उनसे बस एक ही गुजारिश है कि अपनी आवाज को पूरी तरह बुलंद रखिए, लेकिन अपना तरीका वही रखिएगा, जो अब तक इस आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत रही है। यानी पीस, यूनिटी एंड रिस्पेक्ट, बस इसी रास्ते पर आगे बढ़ना है।'' उन्होंने नागरिकों के अधिकारों के बारे में कहा, ''इस देश के नागरिक को अपनी बात सामने रखने और सवाल पूछने का पूरा हक है। जब लोग बिना किसी हिंसा के, बिना किसी नफरत के, सिर्फ एक उम्मीद और अटूट विश्वास लेकर आगे आते हैं, तो उनकी आवाज और भी ज्यादा मजबूत हो जाती है। आप सब जो सोनम सर के साथ जुड़े हैं, आपने ही हमें यह याद दिलाया है कि हिम्मत हमेशा शोर मचाने से नहीं, बल्कि कभी-कभी शांति और दृढ़ता के साथ खड़े रहने से दिखाई देती है।'' उन्होंने आगे कहा, ''मैं युवाओं के साथ हूं, छात्रों के साथ हूं, हमारे संविधान के साथ हूं और सबसे ऊपर अपने देश के साथ हूं। जैसे सवाल पूछना हमारा हक है, वैसे ही उम्मीद करना भी हमारा हक है।''

ये भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस द्वारा सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाने के बाद अभिजीत दीपके पर महिला ने फेंकी स्याही, थप्पड़ मारने की कोशिश, एक्स पर दी प्रतिक्रिया

अन्य प्रमुख खबरें