स्वरा भास्कर के 'जौहर सीन' वाले बयान पर भड़की पूनम पांडे, कह डाली ये बात

खबर सार :-

पूनम पांडे ने फिल्म पद्मावत के 'जौहर' सीन पर स्वरा भास्कर की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई है। स्वरा के बयान को पूरी तरह बेतुका और 'बेवकूफी भरा' बताते हुए पूनम ने कहा कि फिल्म में सिर्फ इतिहास दिखाया गया है।
स्वरा भास्कर के 'जौहर सीन' वाले बयान पर पूनम पांडे ने सुनाई खरी-खोटी

खबर विस्तार : -

Swara Bhasker Controversy: संजय लीला भंसाली की बहुचर्चित फिल्म पद्मावत रिलीज होने के सालों बाद भी चर्चा का विषय बनी हुई है। फिल्म में जौहर सीन को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है और इस मामले पर लोगों की अलग-अलग राय है। हाल ही में, एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने इस सीन को लेकर चिंता जताई और सवाल उठाया कि क्या इस तरह का चित्रण उन महिलाओं के लिए गलत संदेश दे सकता है जो यौन हिंसा से बची हैं। उन्होंने इसे रेप सर्वाइवर्स के लिए गलत संदेश देने वाला बताया था। उनके इस बयान को लेकर बवाल मचा हुआ है।

स्वरा भास्कर पर भड़की पूनम पांडे

अब, एक्ट्रेस पूनम पांडे ने स्वरा के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पूनम ने कहा कि हालांकि वह स्वरा की फैन रही हैं, लेकिन फिल्म के बारे में उनकी टिप्पणियों से वह पूरी तरह असहमत हैं। पूनम पांडे ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, "मैं स्वरा की फैन रही हूं, लेकिन उनकी बात सुनकर मुझे निराशा हुई। स्वरा को ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी। मैंने हमेशा उन्हें एक पढ़ी-लिखी और समझदार महिला माना है, इसलिए उनसे ऐसी बात सुनना काफी हैरानी भरा है।" 

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए पूनम ने कहा, "पद्मावत के मेकर्स ने कोई मनगढ़ंत कहानी नहीं बनाई। फिल्म ने स्क्रीन पर एक ऐतिहासिक कहानी पेश की। संजय लीला भंसाली ने इतिहास पर आधारित फिल्म बनाई और उस दौर की घटनाओं को दिखाने की कोशिश की। इसे देखते हुए, मुझे फिल्म के उस खास हिस्से पर सवाल उठाना सही नहीं लगा।" पूनम ने इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि स्वरा को ऐसा कुछ नहीं कहना चाहिए था।" उन्होंने आगे कहा, "मैं बहुत नाराज हूं और मुझे स्वरा का बयान बेहद आपत्तिजनक लगा। यह बहुत ही बेवकूफी भरी टिप्पणी थी।"

ये भी पढ़ेंः- 'बाप पर मत जाना'...Bigg Boss 20 के मंच पर सलमान खान ने मनोज तिवारी की बेटी को दी नसीहत

स्वरा भास्कर का बयान 

गौरतलब है कि 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में हुए 'वुमन लाइफ फ्रीडम टॉक' इवेंट में पद्मावत के जौहर सीन पर अपनी चिंता जताई थी। एक सवाल का जवाब देते हुए स्वरा भास्कर ने कहा, "जब मैं फिल्म का वह सीन देख रही थी जिसमें सभी 800 औरतें जौहर करती हैं, तो मैंने सोचा भगवान न करे अगर मैं रेप सर्वाइवर होती, तो यह फिल्म मुझे क्या संदेश देती? अपनी इज्जत बचाने के लिए अपनी जान न देने पर मुझे खुद पर कायर होने का एहसास होता। क्या आप हमारे जैसे समाज में यही संदेश देना चाहते हैं, जहां रेप एक महामारी की तरह फैल रहा है? क्या हम रेप सर्वाइवर्स को यह बताने की कोशिश कर रहे हैं कि उन्हें जीने का कोई अधिकार नहीं है?" 

ट्रोलिंग के बाद स्वरा को देनी पड़ी सफाई

उनके इस बयान को लेकर हर तरफ कड़ी आलोचना की जा रही है। हालांकि, भारी ट्रोलिंग के बाद स्वरा भास्कर ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर सफाई दी। उनका कहना है कि उनके बयान का सही मतलब नहीं बताया गया और उनके बयान का गलत अनुवाद किया गया। अपनी बात साफ करते हुए स्वरा ने कहा कि उन्होंने रानी पद्मावती को "कायर" नहीं कहा। 

Swara Bhasker ने कहा, "मैं यह साफ कर देना चाहती हूं कि मैंने कभी नहीं कहा कि रानी पद्मावती कायर थीं, न ही यह कि महल की दूसरी रानियां और महिलाएं जिन्होंने जौहर किया था, कायर थीं।" अपने वीडियो में स्वरा ने अपनी बात को हिंदी में टुकड़ों-टुकड़ों में समझाया ताकि लोग समझ सकें कि उन्होंने असल में क्या कहा। उन्होंने सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करने वालों पर भी निशाना साधा। स्वरा ने कहा कि अगर किसी को भाषा समझ नहीं आती है, तो उन्हें पहले पूछना चाहिए या पता करना चाहिए कि उन्होंने असल में क्या कहा था। बिना समझे किसी बात को गलत तरीके से फैलाना सही नहीं है।

2018 में रिलीज हुई थी पद्मावत

बता दें कि संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत 2018 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में दीपिका पादुकोण ने रानी पद्मावती, शाहिद कपूर ने महारावल रतन सिंह और रणवीर सिंह ने अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभाया था। रिलीज से पहले ही इस फिल्म को भारी विरोध और विवाद का सामना करना पड़ा था। 

ये भी पढ़ेंः- Bigg Boss 20 का धमाकेदार आगाज, माही विज ने पहले ही दिन काटा बवाल, इन 16 कंटेस्टेंट्स को मिली एंट्री

अन्य प्रमुख खबरें