आधुनिक तकनीकी ड्रोन संग प्राकृतिक खेती करेंगे किसान

खबर सार :-
प्रतिदिन तीन चरणों में कार्यक्रम सुबह 8ः00 से 11ः00 बजे, दोपहर 11ः30 से 2ः30 बजे और दोपहर 3ः00 से सायं 6ः00 बजे तक होंगे। आयोजन स्थल कृषि विज्ञान केन्द्र, किसान कल्याण केन्द्र, न्याय पंचायत, पैक्स सोसाइटी, विकासखण्ड मुख्यालय आदि होंगे।

आधुनिक तकनीकी ड्रोन संग प्राकृतिक खेती करेंगे किसान
खबर विस्तार : -

लखनऊ, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने 75 जिलों को कृषि वैज्ञानिकों और किसानों के बीच सीधा संवाद कार्यक्रम से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इसमें किसानों के लिए आधुनिक तकनीक, ड्रोन, प्राकृतिक खेती पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही फसल बीमा, पीएम किसान योजना के लाभार्थियों को विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे और आयोजन आने वाले दिनों में होंगे।  सूर्य प्रताप शाही ने बीते दिनों बताया था कि “विकसित कृषि संकल्प अभियान” का शुभारंभ मुख्यमंत्री 29 मई को पूर्वान्ह 11ः30 बजे लोक भवन सचिवालय स्थित सभागार से करेंगे। यह अभियान आज से 12 जून तक चलना है।

इसमें प्रदेशभर के किसानों को खरीफ फसलों की आधुनिकतम तकनीकों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। शाही ने कहा कि इस विशेष अभियान में प्रदेश के सभी 75 जनपदों में कुल 10,125 प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रत्येक जनपद में तीन टीमें गठित की गई हैं, जो प्रतिदिन तीन-तीन कार्यक्रम करेंगी। इस प्रकार 15 दिनों में इन टीमों के माध्यम से वैज्ञानिकों, कृषि विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारियों की सहभागिता से किसानों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

कृषि मंत्री ने कहा कि इस अभियान के दौरान किसानों को उन्नत बीजों के उपयोग, बीज शोधन, मिट्टी स्वास्थ्य सुधार, सहफसली खेती, ड्रिप-स्प्रिंकलर सिचाई, कृषि ड्रोन के इस्तेमाल, प्राकृतिक खेती तथा औद्यानिक फसलों के विस्तार की जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री और फसल बीमा योजना के लाभार्थियों के पंजीकरण व सहायता पर विशेष जोर रहेगा। अभियान में आईसीएआर, कृषि विज्ञान केन्द्रों, कृषि विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिक, राज्य सरकार के कृषि, उद्यान, गन्ना, रेशम, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता विभागों के अधिकारी, वित्तीय संस्थाओं एवं फसल बीमा कम्पनियों के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। इनके अलावा प्रगतिशील किसान, कृषि सखी, एफपीओ प्रतिनिधि और कृषि उद्यमी भी इस अभियान का हिस्सा होंगे।
 

अन्य प्रमुख खबरें