झांसी मंडल के 75 वर्ष और स्टेशन के 137 वर्ष पूरे होने पर स्टेशन महोत्सव आयोजित, विरासत स्मारिका का विमोचन

खबर सार :-

उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल को बने हुए 75 साल और वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन को बने हुए 137 साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर गुरुवार को स्टेशन पर एक बड़ा कार्यक्रम रखा गया, जिसमें पुरानी तस्वीरों की प्रदर्शनी लगी, एक खास किताब का विमोचन हुआ और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।
झांसी रेल मंडल की प्लेटिनम जयंती, स्टेशन के 137 वर्ष पूरे

खबर विस्तार : -

झांसी: उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल की स्थापना के 75 वर्ष तथा वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के 137 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गुरुवार को स्टेशन प्रांगण में विशेष महोत्सव आयोजित किया गया। इस आयोजन के जरिए मंडल के सात दशक से अधिक के कार्यकाल, स्टेशन की लंबी ऐतिहासिक यात्रा और स्थानीय लोककला को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया। दिन के कार्यक्रम की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से स्टेशन तक निकाले गए फ्लैग मार्च से हुई। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में हुए इस मार्च में रेलवे अधिकारियों के साथ स्कूली छात्र-छात्राएं और स्काउट-गाइड के सदस्य शामिल हुए। स्टेशन पहुंचने पर फीता काटकर समारोह का औपचारिक उद्घाटन किया गया।

ऐतिहासिक झलक और स्मारिका का लोकार्पण

उद्घाटन के बाद स्टेशन पर लगाई गई फोटो और विंटेज प्रदर्शनी का निरीक्षण किया गया। इनमें पुराने दौर की वस्तुओं तथा छायाचित्रों के माध्यम से मंडल के विकास चरणों और स्टेशन के अतीत को दर्शाया गया। समारोह की औपचारिक शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद मंडल की प्रगति पर आधारित एक लघु फिल्म दिखाई गई। इसी क्रम में मंडल की 75 वर्षीय यात्रा और धरोहर से जुड़ी ‘विरासत स्मारिका’ का विमोचन भी किया गया।

संबोधन के दौरान डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने कहा, "झांसी मंडल की प्लेटिनम जयंती और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन के 137 वर्ष पूरे होना गौरव और हर्ष का विषय है।" उन्होंने आगे कहा कि बीते 75 वर्षों में संरक्षा, यात्री सुविधाओं, परिचालन दक्षता और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हुआ है, जिसमें सेवारत और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों की भूमिका अहम रही है। उनके अनुसार आगे आधुनिक तकनीक और सुरक्षित परिचालन के माध्यम से सुविधाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास जारी रहेगा।

सम्मान समारोह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

आयोजन के दौरान रेल व स्थानीय क्षेत्र के विकास से जुड़े कुछ नागरिकों को डीआरएम ने सम्मानित किया। सम्मान पाने वालों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजन ए.के. हिंगवासिया व आदित्य नारायण दुबे, पेंशन एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष ओ.एस. भटनागर, पूर्व सीआरएस आर.के. दिवगईया तथा पूर्व सीसीएल रामपाल शामिल रहे।

लोककला और प्रशासनिक मौजूदगी

महोत्सव में बुंदेलखंड की लोकसंस्कृति की प्रस्तुतियां भी हुईं। कलाकार निशांत भदौरिया और उनके दल ने बुंदेली राई नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि माउंट लिट्रा स्कूल के छात्रों के बैंड ने संगीत प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन नंदीश शुक्ल, अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा, मुख्य कारखाना प्रबंधक अजय श्रीवास्तव, बीके पांडेय, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक फ्रेट नीरज भटनागर, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक सत्य साधन सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर गौरव और जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन की व्यवस्थाओं में मुख्य प्रचार निरीक्षक प्रदीप सुड़ेले, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक राघवेंद्र कुशवाहा, वरिष्ठ प्रचार निरीक्षक प्रमोद मिश्रा और शाश्वत सिंह ने योगदान दिया।

यह भी पढ़ें:-संविधान दिवस पर मध्य प्रदेश विधान सभा में आज विशेष आयोजन, संविधान गैलरी का उद्घाटन करेंगे सीएम

अन्य प्रमुख खबरें