कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन पर रोक से हाईकोर्ट का इनकार, याचिका खारिज

खबर सार :-
दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) को विरोध प्रदर्शन करने से रोकने की मांग वाली याचिका को हाई कोर्ट ने खारिज कर दी है। जस्टिस सौरभ बनर्जी की अध्यक्षता वाली वेकेशन बेंच ने याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया।
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन पर रोक से हाईकोर्ट का इनकार, याचिका खारिज
खबर विस्तार : -

नई दिल्लीः दिल्ली उच्च न्यायालय ने 6 जून को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। अदालत ने इस मामले में तत्काल सुनवाई की मांग को भी खारिज कर दिया। न्यायमूर्ति सौरभ बनर्जी की अध्यक्षता वाली अवकाशकालीन पीठ के समक्ष यह मामला शुक्रवार को उल्लेखित किया गया था।

भारी नुकसान की जताई थी आशंका

सेव इंडिया फाउंडेशन नामक संगठन की ओर से दायर याचिका में कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा आयोजित किए जाने वाले प्रदर्शन को रोकने के लिए अदालत से हस्तक्षेप की मांग की गई थी। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता विकास शर्मा ने अदालत के समक्ष तर्क दिया कि प्रस्तावित प्रदर्शन से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है तथा सार्वजनिक संपत्ति और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

याचिका में कहा गया था कि कॉकरोच जनता पार्टी सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को बड़े पैमाने पर प्रदर्शन में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रही है। संगठन का दावा था कि इस अभियान के तहत कुछ भड़काऊ संदेश भी प्रसारित किए जा रहे हैं, जिससे बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना बढ़ गई है।

याचिकाकर्ता ने अदालत को बताया कि सोशल मीडिया पर इस आंदोलन को व्यापक समर्थन मिल रहा है। ऐसे में यदि बड़ी संख्या में लोग जंतर-मंतर पहुंचते हैं तो यातायात व्यवस्था बाधित हो सकती है और आम नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। याचिका में यह भी कहा गया कि पर्याप्त सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के उपाय नहीं किए गए तो स्थिति गंभीर हो सकती है।

कोर्ट ने किया हस्तक्षेप से इनकार

सेव इंडिया फाउंडेशन ने अदालत को बताया कि इस संबंध में 4 जून को दिल्ली पुलिस आयुक्त को एक प्रतिवेदन भी सौंपा गया था। हालांकि, पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई या जवाब नहीं मिलने पर संगठन ने दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया। याचिका में दिल्ली पुलिस को तत्काल निरोधात्मक कदम उठाने और प्रदर्शन में होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए निर्देश जारी करने की मांग की गई थी।

हालांकि, अदालत ने मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया और याचिका पर जल्द सुनवाई की मांग स्वीकार नहीं की। इसके साथ ही 6 जून को प्रस्तावित प्रदर्शन पर किसी प्रकार की रोक नहीं लगाई गई।

लोगों का मिल रहा भरपूर समर्थन

गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी कोई पारंपरिक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि यह एक ऑनलाइन आंदोलन के रूप में उभरी है। इसकी शुरुआत 15 मई को एक न्यायिक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर हुई थी। देखते ही देखते यह अभियान इंटरनेट पर वायरल हो गया और बड़ी संख्या में लोगों का समर्थन मिलने लगा।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े कई मीम, वीडियो और गाने भी वायरल हुए, जिससे इसकी लोकप्रियता और बढ़ी। इस ऑनलाइन आंदोलन के संस्थापक अभिजीत दीपके हैं, जो वर्तमान में अमेरिका के बॉस्टन शहर में रहते हैं। उनके द्वारा शुरू किया गया यह अभियान अब एक बड़े सोशल मीडिया ट्रेंड का रूप ले चुका है।

जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर प्रशासन और पुलिस की नजरें स्थिति पर बनी हुई हैं। वहीं, अदालत के फैसले के बाद प्रदर्शन के आयोजन का रास्ता साफ हो गया है।

अन्य प्रमुख खबरें