‘गोधन समागम’ का भव्य आयोजन, सरकारी योजनाओं की मिली जानकारी

खबर सार :-
गोधन समागम कार्यक्रम का रामपुर में प्रसारण किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गोपालकों एवं नन्द बाबा मिशन के लाभार्थी पहुंचे। सभी लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

‘गोधन समागम’ का भव्य आयोजन, सरकारी योजनाओं की मिली जानकारी
खबर विस्तार : -

रामपुरः लखनऊ में आयोजित ‘गोधन समागम’ कार्यक्रम का जनपद के समस्त विकास खंडों में सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गोपालकों एवं नन्द बाबा मिशन के लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की पशुपालक हितैषी नीतियों और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

लखनऊ से हुआ सीधा प्रसारण

इस अवसर पर नन्द बाबा मिशन के निदेशक एवं पशुपालन विभाग के निदेशक ने विभागीय प्राथमिकताओं, अब तक की उपलब्धियों तथा भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पशुपालकों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य के साथ आधुनिक डेयरी फार्मिंग, उन्नत नस्ल सुधार कार्यक्रम तथा दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है।

जनपद के विकास भवन स्थित सभागार में अपर निदेशक ग्रेड-2, पशुपालन विभाग, मुरादाबाद मंडल की अध्यक्षता में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। इस दौरान मंडलीय एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों ने उपस्थित पशुपालकों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। तहसील मिलक के विकास खंड कार्यालय सहित जिले के सभी ब्लॉकों में भी कार्यक्रम का प्रसारण सुनिश्चित किया गया, जहाँ स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पशुपालकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

विशेषज्ञों ने बताए उपाय

कार्यक्रम के दौरान गोपालकों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, अनुदान (सब्सिडी) तथा वित्तीय सहायता संबंधी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। नन्द बाबा मिशन के अंतर्गत स्वदेशी नस्ल के पशुओं के संरक्षण एवं संवर्धन, कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण, संतुलित आहार प्रबंधन तथा पशुओं के समुचित स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष बल दिया गया। विशेषज्ञों ने आधुनिक तकनीकों के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और डेयरी को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने के उपाय बताए।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन पशुपालकों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से जनपद में दुग्ध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति सशक्त बनेगी।

अन्य प्रमुख खबरें