Kewal Singh Dhillon के हाथों में पंजाब BJP की कमान, 2027 चुनाव को लेकर नेताओं का बड़ा दावा- ‘गेम चेंजर’ बनेगा नया नेतृत्व

खबर सार :-
पंजाब भाजपा के नए अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के पदभार ग्रहण के साथ पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का स्पष्ट संदेश दिया है। भाजपा नेताओं का मानना है कि नया नेतृत्व संगठन को मजबूती देगा और राज्य में पार्टी की राजनीतिक स्थिति को मजबूत करेगा। आने वाले महीनों में ढिल्लों की रणनीति और संगठनात्मक क्षमता भाजपा के चुनावी भविष्य को तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।
Kewal Singh Dhillon के हाथों में पंजाब BJP की कमान, 2027 चुनाव को लेकर नेताओं का बड़ा दावा- ‘गेम चेंजर’ बनेगा नया नेतृत्व
खबर विस्तार : -

Punjab BJP President Kewal Singh Dhillon: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पंजाब इकाई को नया नेतृत्व मिल गया है। सिख समुदाय से आने वाले वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों (Kewal Singh Dhillon) ने बुधवार को औपचारिक रूप से पंजाब भाजपा अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। 28 मई को पार्टी हाईकमान द्वारा उनकी नियुक्ति की घोषणा की गई थी। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, सांसद और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस अवसर पर नेताओं ने केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और 2027 विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

भाजपा और पंजाब दोनों के लिए महत्वपूर्ण अवसर

केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू (Ravneet Singh Bittu) ने केवल सिंह ढिल्लों को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भाजपा और पंजाब दोनों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ का कार्यकाल पूरा होने के बाद पार्टी ने मालवा क्षेत्र से आने वाले अनुभवी नेता केवल सिंह ढिल्लों को यह जिम्मेदारी सौंपी है। बिट्टू ने विश्वास जताया कि नए अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा राज्य में अपनी राजनीतिक पकड़ को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 (Punjab Assembly Election2027 ) में अब अधिक समय नहीं बचा है और पार्टी संगठन चुनावी तैयारियों में जुट चुका है। भाजपा का लक्ष्य राज्य में डबल इंजन सरकार स्थापित करना है, जिससे पंजाब के विकास को नई गति मिल सके। उनके अनुसार पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता आगामी चुनावों के लिए एकजुट होकर काम कर रहे हैं।

BJP के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा: Tarun Chugh

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भी केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है और पंजाब में पार्टी को जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है और वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव लेकर आएगा। उनके अनुसार यह चुनाव भाजपा के लिए “गेम चेंजर” साबित हो सकता है। तरुण चुघ ने इस दौरान पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न गांवों और शहरों से सरकार के खिलाफ आवाजें उठ रही हैं। चुघ का दावा था कि जनता बदलाव चाहती है और भाजपा उस विकल्प के रूप में उभर रही है जो पंजाब को नई दिशा दे सकती है।

संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर करेंगे कामः Dhaliwal

पंजाबी अभिनेता और भाजपा नेता हॉबी धालीवाल ने भी केवल सिंह ढिल्लों को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा में संगठनात्मक चुनाव एक निर्धारित प्रक्रिया के तहत होते हैं और वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा लिया गया यह फैसला पार्टी को मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का पूरा नेतृत्व नए अध्यक्ष के साथ खड़ा है और संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करेगा। पार्टी सांसद सतनाम संधू (Satnam Sandhu) ने कहा कि केवल सिंह ढिल्लों के पदभार संभालने से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय पहुंचे और नए नेतृत्व का स्वागत किया। उनके अनुसार पंजाब का युवा, किसान और समाज का हर वर्ग भाजपा को एक उम्मीद के रूप में देख रहा है।

पंजाब को अपनी पुरानी पहचान वापस दिलाने की जरूरत: Vikramjit

वहीं सांसद विक्रमजीत साहनी ने कहा कि पंजाब को अपनी पुरानी पहचान वापस दिलाने की जरूरत है। उन्होंने चिंता जताई कि कभी गुरुओं, संतों और शूरवीरों की धरती के रूप में पहचाना जाने वाला पंजाब आज कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। साहनी ने कहा कि राज्य को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए विकासोन्मुखी और स्थिर शासन की आवश्यकता है तथा भाजपा इसी दिशा में काम करना चाहती है। केवल सिंह ढिल्लों का प्रदेश अध्यक्ष बनना भाजपा की पंजाब रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सिख समुदाय और मालवा क्षेत्र में उनकी पकड़ पार्टी को आगामी चुनावों में लाभ पहुंचा सकती है। अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि उनके नेतृत्व में भाजपा पंजाब की राजनीति में कितना प्रभावी विस्तार कर पाती है।

अन्य प्रमुख खबरें