पीलीभीत में पुलिस मुठभेड़: 50 हजार का इनामी शातिर लुटेरा घायल हालत में गिरफ्तार

खबर सार :-
शनिवार देर रात, व्यापार मंडल टी-जंक्शन के पास एक नियमित जांच के दौरान, पुलिस के साथ हुई गोलीबारी के बाद एक कुख्यात लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया गया। इस लुटेरे पर ₹50,000 का इनाम घोषित था।

पीलीभीत में पुलिस मुठभेड़: 50 हजार का इनामी शातिर लुटेरा घायल हालत में गिरफ्तार
खबर विस्तार : -

पीलीभीतः उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में शनिवार देर रात थाना जहानाबाद पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान 50 हजार रुपये का इनामी शातिर लुटेरा पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।

कार में बैठाकर की थी लूटपाट

जानकारी के अनुसार, करीब एक माह पूर्व थाना जहानाबाद क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त अध्यापक श्याम बिहारी लाल को चार अज्ञात बदमाशों ने कार (UP-32-FQ-0503) में बैठाकर 23 हजार रुपये की लूट की थी। इसके बाद उन्हें रास्ते में उतारकर आरोपी फरार हो गए थे। इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

पुलिस ने इस मामले में 20 मार्च को दो आरोपियों—धर्मेंद्र और मेईनुद्दीन—को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं तीसरा आरोपी सहादत अली, निवासी अहरौली थाना कसया, जनपद कुशीनगर, लंबे समय से फरार चल रहा था, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

18 अप्रैल की रात करीब 9:45 बजे पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि वांछित आरोपी सहादत अली पीलीभीत आया हुआ है और बरेली की ओर भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थाना जहानाबाद पुलिस ने व्यापार मंडल तिराहा और सियावली पट्टी रेलवे क्रॉसिंग के पास चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।

चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह अचानक मुड़कर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।

बाएं पैर में लगी गोली

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक अवैध 315 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी जहानाबाद भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
 

अन्य प्रमुख खबरें