झांसी मंडल में आयोजित हुई राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 181वीं बैठक, कई मुद्दों पर चर्चा

खबर सार :-
उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल में, मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 181वीं बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
झांसी मंडल में आयोजित हुई राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 181वीं बैठक, कई मुद्दों पर चर्चा
खबर विस्तार : -

झांसीः उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 181वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने की। बैठक में राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा विभागीय कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।

प्रगति रिपोर्ट की हुई समीक्षा

बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि सभी अधिकारी गृह मंत्रालय द्वारा जारी राजभाषा नीति एवं नियमों के अनुरूप कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यालयों में उपयोग किए जा रहे सभी कंप्यूटरों और लैपटॉपों में हिंदी का प्रयोग अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि राजभाषा हिंदी को सरकारी कामकाज में अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

इस अवसर पर मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सचिव एवं संपर्क राजभाषा अधिकारी/जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने विभिन्न विभागों से प्राप्त राजभाषा प्रगति रिपोर्टों की विभागवार समीक्षा प्रस्तुत की। उन्होंने हिंदी में किए जा रहे कार्यों की प्रगति, विभागों की उपलब्धियों तथा सुधार की आवश्यकता वाले बिंदुओं की जानकारी अधिकारियों के सामने रखी।

बैठक के उपाध्यक्ष नंदीश शुक्ला, जो अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) भी हैं, ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निरीक्षण और दौरों के दौरान हिंदी प्रगति का अवलोकन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण नोट में राजभाषा से संबंधित टिप्पणियों को शामिल करना आवश्यक है, ताकि हिंदी के प्रयोग की नियमित निगरानी हो सके।

इसके अलावा प्रेम प्रकाश शुक्ला ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने निरीक्षण नोट मूल रूप से हिंदी में तैयार करें। 

बैठक के सफल आयोजन में राजभाषा विभाग के वरिष्ठ अनुवादक भगवान दास, श्रीकांत शर्मा तथा कार्यालय अधीक्षक राजेश त्रिपाठी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन मनोज कुमार सिंह ने किया, जबकि अंत में भगवान दास द्वारा उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इसके साथ ही बैठक का समापन हुआ।
 

अन्य प्रमुख खबरें